UP Weather: 42 जिलों पर बारिश-तूफान का कहर, बिजनौर में घर, खेत, सड़क सब डूबे
UP Weather Today : उत्तर प्रदेश का मानसून अजीब ही है. कहीं तो बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही तो कहीं सूर्य देव इतरा रहे हैं. आज सुबह-सुबह कई जिलों में उमस भरी गर्मी महसूस की जा रही है. हालांकि, आज प्रदेश के 42 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तराई से लेकर पश्चिमी और पूर्वी यूपी तक कई इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी है.
कहां-कहां बरसेंगे बदरा
मौसम विभाग ने तराई के 13 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इनमें बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, कुशीनगर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर आदि शामिल हैं. इसके अलावा पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 13 जुलाई तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
राजधानी लखनऊ में भी सुबह से बादल छाए हैं और कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं बूंदाबांदी का दौर बना रहने की संभावना जताई है.
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में बाराबंकी सहित कई इलाकों में भारी बारिश हुई. आज भी पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों, खासकर सेंट्रल यूपी और तराई बेल्ट में भारी बारिश की संभावना है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं मानसून की ट्रफ धीरे-धीरे उत्तर की ओर खिसक रही है, जिससे सेंट्रल यूपी और तराई बेल्ट में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश का दौर बना रहने की संभावना है.
बिजनौर में मौत जैसा मंजर
बिजनौर में पिछले 2 दिन से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. पहाड़ा नदी उफान पर है और बढ़ापुर क्षेत्र के आधा दर्जन गांव पानी की चपेट में आ गए हैं कि पहाड़ा नदी का जलस्तर बढ़ने से खेत, सड़कें, घर सब पानी में डूब रहे हैं प्रशासन की टीमें मौके पर हैं. सबसे ज्यादा दिक्कत ग्रामीणों को नदी पार करने में हो रही है. पुल नहीं हैं, नाव नहीं है. मजबूरन लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बुग्गी के सहारे नदी पार कर रहे हैं.
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वो नदी के किनारे न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं. राहत और बचाव दल अलर्ट पर हैं. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी बारिश के आसार जताए हैं. ऐसे में पहाड़ा नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है.
संभल में कैसा मौसम?
संभल में बीते चौबीस घंटे में मौसम में हुआ भारी बदवाल देखने को मिला है. अधिकतम तापमान चार डिग्री ऊपर पहुंचा. Aqi भी बढ़कर हुआ 101. शुक्रवार को बरसात न होने से बढ़ा तापमान.