UP की सड़कों पर दौड़ रहा है उत्तराखंड के बाज सिंह का जुगाड़, लोग खींच रहे तस्वीर
Last Updated:
Bahraich News: यूपी के बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र में एक ट्रक देख लोग उसकी काफी तारीफ कर रहे हैं. उत्तराखंड के रहने वाले ट्रक ड्राइवर बाज सिंह ने अपने इस ट्रक में एक ऐसा गजब का जुगाड़ लगाया है, जिसे देखकर राहगीर से लेकर टोल प्लाजा के कर्मचारी तक हैरान हैं.
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र की सड़कों पर इन दिनों एक अनोखा 10 चक्के का ट्रक लोगों के कौतूहल का केंद्र बना हुआ है. उत्तराखंड के रहने वाले ट्रक ड्राइवर बाज सिंह ने अपने ट्रक में एक ऐसा गजब का जुगाड़ लगाया है, जिसे देखकर राहगीर से लेकर टोल प्लाजा के कर्मचारी तक हैरान हैं. अब लोग इस जुगाड़ को देखकर कॉपी करने की कोशिश भी कर रहे हैं, यहां तक कि बहुत सारे लोगों ने कर भी लिया है. जानिए आखिर क्या है बाज सिंह का खास जुगाड़.
उत्तराखंड के बाज सिंह आखिर बहराइच में कैसे?
उत्तराखंड के बाज सिंह बहराइच के रास्ते अक्सर माल लेकर निकलते हैं और एक निश्चित दूरी तय करने के बाद थोड़ा आराम करते हैं. कभी बहराइच मुख्यालय के आसपास तो कभी बहराइच से नानपारा के आसपास, इस दौरान उन्हें भीषण गर्मी में भी कोई परेशानी नहीं होती, क्योंकि उन्होंने अपने ट्रक के आगे के हिस्से में एक सोलर प्लेट कसकर बांध रखी है.
इस सोलर प्लेट का सीधा कनेक्शन ट्रक के अंदर रखी एक बैटरी से किया गया है. इस पूरे सोलर सेटअप की मदद से केबिन के भीतर एक छोटा कूलर, पंखा, मोबाइल चार्ज करने के कई सॉकेट और रात के समय इस्तेमाल होने वाली कई लाइटें आसानी से चलती हैं. सबसे खास बात यह है कि ट्रक सड़क पर चल रहा हो या फिर किसी ढाबे पर बंद खड़ा हो, सोलर पैनल से बैटरी लगातार चार्ज होती रहती है. इससे इंजन बंद होने के बावजूद केबिन के अंदर पंखा और कूलर बिना रुकावट के ठंडी हवा देता रहता है.
जुगाड़ को बनाने में लगा इतना खर्चा
बाज सिंह ने लोकल 18 टीम से खास बातचीत में इस पूरे जुगाड़ को लेकर जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि इस पूरे सेटअप को तैयार करने में महज 8,000 रुपये का खर्च आया है. इसमें 3,200 रुपये का सोलर पैनल, 3,000 रुपये की एक पुरानी बैटरी और बाकी के 1800 रुपये में एक छोटा कूलर, पंखा, बोर्ड और लाइटें शामिल हैं. ट्रक ड्राइवर बाज सिंह बताते हैं कि इस अनोखे सेटअप को देखकर रास्ते में मिलने वाले बहुत से लोग उनके ट्रक की तस्वीरें खींचने लगते हैं. कई बार जब वे टोल प्लाजा पर रुकते हैं, तो स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक उनके केबिन के इस सिस्टम को देखने के लिए रुक जाते हैं.
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के बीच कम लागत में तैयार किया गया यह स्मार्ट केबिन अब नानपारा और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बना हुआ है. बात सिंह को यह जुगाड़ घरों में लगने वाले सोलर पैनल को देखकर आया. उन्होंने सोचा जब सोलर पैनल से घरों में विद्युत आपूर्ति हो सकती है तो ट्रक में क्यों नहीं. बस अपनी इसी सोच को लेकर उन्होंने अपने ट्रक में सोलर पैनल फिट कर दिया.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें