Weather Today: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में आसमान ने ओढ़ी काली चादर, फिर झमाझम बरसे बदरा, जानें कैसा रहेगा अगले 5 दिन मौसम
Last Updated:
Noida/ Greater Noida Weather News: आज अचानक से हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है. नोएडा और ग्रेटर के लोगों ने सुकून की सांस ली. आइए जानते हैं आने वाले दिन में कैसा रहेगा मौसम…
नोएडा/ग्रेटर नोएडा: दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में मंगलवार की सुबह मौसम ने एकदम करवट बदल ली. आसमान में काले बादल, कड़कती बिजली और तेज आंधी के साथ बारिश ने मौसम को सुहाना कर दिया. पिछले कई दिनों से चुभती धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी. हालांकि, अब लोगों ने चैन की सांस ली है. विजयदशमी से पहले ही राजधानी और उसके पड़ोसी शहरों में धूलभरी आंधी और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच हल्की बारिश ने राहत का अहसास कराया.
आसमान में दो दिन से हल्के बादल हो रहे थे और तेज धूप के कारण लोग गर्मी से परेशान थे. आज सुबह होते-होते नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद के कई इलाकों में बूंदाबांदी और तेज बारिश देखने को मिली. कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार उठता नजर आया. मौसम के इस अचानक बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया.
तेज धूप और गर्मी ने कर दिया था परेशान
आपको बता दें, आंधी और बारिश ने विजयदशमी से पहले पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को राहत दी है. दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था और लोग सितंबर में तपिश से परेशान थे. दिन में तेज धूप ने घरों और दफ्तरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था. वहीं मंगलवार को सुबह से आसमान में छाए बादल और फिर आंधी के साथ आई बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया, जिससे लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली.
अगले पांच दिन नोएडा/ग्रेटर नोएडा में ऐसा रहेगा मौसम
तारीख न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान कैसा रहेगा मौसम
1 अक्टूबर 25 34 आसमान में छाए रहेंगे बादल
2 अक्टूबर 24 34 काले बादल
3 अक्टूबर 24 34 काले बादल
4 अक्टूबर 24 35 काले बादल
5 अक्टूबर 25 35 काले बादल
राजधानी में अगले दो दिनों तक ऐसे ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिन तक लोगों को इसी तरह के मौसम का मिजाज देखने को मिलेगा. विभाग का कहना है कि राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश व बूंदाबांदी होने की संभावना है. इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी और रातें भी हल्की ठंडी महसूस होंगी.