अयोध्या में निकली तिरंगा यात्रा, भारतीय सेना की बहादुरी को किया गया सलाम
अयोध्या: भारत और पाकिस्तान के बीच हाल में हुए संघर्ष में भारतीय सेना को बड़ी सफलता मिली है. “ऑपरेशन सिंदूर” नाम से चलाए गए इस अभियान में सेना ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इसी जीत की खुशी में देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं. इसी कड़ी में रामनगरी अयोध्या में भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई.
यह तिरंगा यात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर सिविल लाइन, रिकाबगंज होते हुए चौक बाजार तक पहुंची. इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने जोश के साथ “भारत माता की जय” और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए. लोग हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे थे और देशभक्ति के गीत बजाए जा रहे थे.
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं, और आम नागरिक शामिल हुए. इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद लल्लू सिंह, अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, और सपा से बागी विधायक अभय सिंह भी इस यात्रा का हिस्सा बने.
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा, “भारतीय सेना ने जिस तरह से दुश्मनों को जवाब दिया है, वह गर्व की बात है. यह तिरंगा यात्रा हमारे वीर सैनिकों के सम्मान और हौसले को सलाम करने के लिए निकाली गई है.”
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा, “भारत ने पहलगाम हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया है. हमारी सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए दिखा दिया है कि हम किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे. सेना के इस पराक्रम पर हम सभी को गर्व है.”
वहीं सपा से बागी विधायक अभय सिंह ने कहा, “यह तिरंगा यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि सेना के लिए गर्व और सम्मान की यात्रा है. देशभर में जिस तरह से लोग सेना के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं, वह देश की एकता और आत्मविश्वास को दर्शाता है.”
अंत में यात्रा चौक बाजार पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. पूरे रास्ते में लोगों ने देशभक्ति का उत्साह दिखाया. अयोध्या की सड़कों पर देश प्रेम का रंग बिखरा नजर आया.