अयोध्या में बन रहा भव्य म्यूजियम! जहां डिजिटल गैलरी में दिखेगी रामायण की कहानी
Last Updated:
Ayodhya Latest News: अयोध्या में अब भक्त सिर्फ राम मंदिर ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल राम कथा म्यूजियम में भी प्रभु राम की लीलाओं और हनुमान जी की 7D डॉक्यूमेंट्री का दर्शन कर सकेंगे. राम मंदिर ट्रस्ट दिल्ली के प्रध…और पढ़ें
हाइलाइट्स
- राम नगरी अयोध्या में बनेगा भव्य राम कथा संग्रहालय.
- इस संग्रहालय में भक्तों को रामलीला के 10 मिनट के एपिसोड दिखाए जाएंगे.
- बजरंगबली पर भी IIT मद्रास द्वारा तैयार की जा रही है 7D डॉक्यूमेंट्री.
अयोध्या: राम नगरी अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब यहां सिर्फ श्रीराम मंदिर के दर्शन-पूजन ही नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के जीवन और लीलाओं को समझने का अनोखा मौका भी मिलेगा. दरअसल, अयोध्या में प्रधानमंत्री म्यूजियम (दिल्ली) की तर्ज पर एक भव्य राम कथा संग्रहालय बनने जा रहा है, जहां भक्त डिजिटल तकनीक के जरिए प्रभु श्रीराम की गाथा को करीब से जान सकेंगे.
बजरंगबली पर बनेगी 7D डॉक्यूमेंट्री
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि इस म्यूजियम में आधुनिक तकनीक का भी पूरा इस्तेमाल किया जा रहा है. आईआईटी मद्रास की ओर से बजरंगबली पर खास 7D डॉक्यूमेंट्री तैयार की जा रही है, जो आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी. इस डॉक्यूमेंट्री के जरिए भक्त हनुमान जी की गाथा को बेहद रोचक और आधुनिक अंदाज में देख सकेंगे.
अयोध्या राम कथा संग्रहालय में दुनिया भर में प्रचलित अलग-अलग भाषाओं और रूपों में लिखी गई रामायण की झलक भी मिलेगी. भक्त यहां आकर न सिर्फ प्रभु राम की गाथा सुन और देख सकेंगे, बल्कि पढ़ भी सकेंगे. संग्रहालय में यह भी दिखाया जाएगा कि कैसे श्रीराम का जीवन आज भी समाज को संस्कार और प्रेरणा देता है.
तेज़ी से चल रहा निर्माण कार्य
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय का काम तेज़ी से चल रहा है. जिस तरह दिल्ली में पीएम म्यूजियम बना है, उसी पैमाने पर यहां भी निर्माण हो रहा है. इस संग्रहालय का हर हिस्सा भगवान श्रीराम से जुड़ा होगा और यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि भक्तों को श्रीराम के जीवन और आदर्शों को बेहतर ढंग से समझाया जा सके.