किसानों की बल्ले-बल्ले! आधे दाम में बीज और मुफ्त किट, खरीफ सीजन में मिलेगा बड़ा फायदा

0
किसानों की बल्ले-बल्ले! आधे दाम में बीज और मुफ्त किट, खरीफ सीजन में मिलेगा बड़ा फायदा


होमताजा खबरकृषि

आधे दाम में बीज और मुफ्त किट, खरीफ सीजन में मिलेगा बड़ा फायदा, ऐसे करें बुकिंग

Last Updated:

Subsidy for Farmers: कन्नौज के किसानों के लिए खरीफ सीजन से पहले कृषि विभाग ने राहत दी है. अब किसानों को दलहन, तिलहन और मोटे अनाज के बीजों पर 50 प्रतिशत तक की भारी सब्सिडी मिलेगी, जबकि प्रदर्शन योजना के तहत कुछ बीज बिल्कुल मुफ्त दिए जाएंगे. इस बार विभाग ने बीज वितरण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए बुकिंग को अनिवार्य कर दिया है. किसानों को अब लॉटरी या लंबी लाइनों के इंतजार के बजाय, ऑनलाइन या जन सेवा केंद्र पर जाकर अपनी पसंद के बीज बुक करने होंगे. बुकिंग की आखिरी तारीख 10 मई है.

कन्नौज: खेती-किसानी के लिए खरीफ का सीजन नजदीक है और ऐसे में कन्नौज के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. कृषि विभाग ने इस बार बीजों के वितरण को और भी पारदर्शी और आसान बना दिया है. किसानों को अब बीज पाने के लिए भाग-दौड़ नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि विभाग ने ‘पहले बुकिंग-फिर बीज’ की नई व्यवस्था लागू की है. खास बात यह है कि इस योजना में किसानों को आधी कीमत पर बीज मिलेंगे और कई फसलों के बीज तो प्रदर्शन के तौर पर मुफ्त भी दिए जाएंगे.

बुकिंग के बिना नहीं मिलेगा लाभ
कन्नौज के डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर संतोष कुमार ने बताया कि इस बार बीज वितरण के नियमों में कुछ जरूरी बदलाव किए गए हैं. पहले सिर्फ मिनी किट के लिए ही बुकिंग जरूरी होती थी, लेकिन अब सामान्य सब्सिडी वाले बीजों और फ्री प्रदर्शन किट के लिए भी एडवांस बुकिंग करना अनिवार्य कर दिया गया है. इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसानों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए दुकानों या दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे. बुकिंग सफल होने के बाद विभाग खुद फोन करके किसानों को बुलाएगा और उन्हें बीज सौंपेगा.

इन फसलों के बीजों पर मिल रही भारी छूट
खरीफ के इस सीजन में कृषि विभाग ने बीजों का अच्छा-खासा भंडार जमा किया है. किसानों को इस बार दलहन, तिलहन और मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. वितरण के लिए उपलब्ध बीजों की सूची में ढेंचा, शंकर धान, शंकर मक्का, शंकर बाजरा, उड़द, मूंग, अरहर, तिल और मूंगफली जैसी महत्वपूर्ण फसलें शामिल हैं. अच्छी क्वालिटी के ये बीज न सिर्फ कम दाम में मिलेंगे, बल्कि इनसे पैदावार भी बंपर होने की उम्मीद है.

कैसे कराएं पंजीकरण और क्या है आखिरी तारीख?
बीज पाने की इच्छा रखने वाले किसान भाई अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र (CSC) पर जाकर या सीधे कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं. इसके अलावा, जो किसान इंटरनेट का इस्तेमाल जानते हैं, वे विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग भी खुद कर सकते हैं. विभाग के कर्मचारी भी इस काम में किसानों की पूरी मदद कर रहे हैं. ध्यान रहे कि बुकिंग की आखिरी तारीख 10 मई तय की गई है. इसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और फिर लाभ मिलना मुश्किल होगा.

घर बैठे मिलेगी सूचना और बीज
नई व्यवस्था के तहत, जैसे ही किसान की बुकिंग कंफर्म होगी, विभाग की ओर से उसे फोन कॉल किया जाएगा. इसमें किसान को बताया जाएगा कि उसे किस तारीख को और कहां आकर अपना बीज लेना है. इससे किसानों का समय बचेगा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी. कृषि अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से कन्नौज में फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आमदनी में भी इजाफा होगा.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *