जिन जमीनों पर अतीक अहमद का था कब्जा, उसी पर योगी सरकार बना रही 2 BHK फ्लैट
Last Updated:
Lucknow Latest News: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए आशियाना बनाने का एक और सपना पूरा होने जा रहा है. माफिया अतीक अहमद के कब्जे से कसारी मसारी में मुक्त कराई गई प्रयागराज विकास प्राधिकरण की करोड़ों की बेशकीमती कीमती जमीन पर जल्द अफॉर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत 602 फ्लैट बनने जा रहे हैं.
रजिस्ट्री समेत एक फ्लैट 30 लाख रुपए का पड़ेगा.
प्रयागराज: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल में ही कहा था कि उनका पसंदीदा विषय माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करना है. यही वजह है कि सीएम योगी ने पूरे प्रदेश से माफियाओं का सफाया कर दिया. संगम नगरी प्रयागराज में भी तीन दशक से ज्यादा समय तक आतंक का पर्याय रहे माफिया अतीक अहमद का भी अंत योगी सरकार में हुआ है. सीएम योगी ने ऐलान ही नहीं किया बल्कि माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई नजूल भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 76 फ्लैट बनाकर लोगों के घर के सपने को पूरा भी किया है.
इन फ्लैटों में लोग पिछले तीन वर्षों से रह भी रहे हैं. इसी कड़ी में माफिया अतीक अहमद की कब्जे से मुक्त कराई गई प्रयागराज विकास प्राधिकरण की करोड़ों की बेशकीमती जमीन पर भी अब निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए अफॉर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत 602 फ्लैट का निर्माण जल्द शुरु होने जा रहा है. शहर पश्चिमी के बीजेपी विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के मुताबिक योगीराज में माफिया राज खत्म हो गया है.
उन्होंने कहा है कि माफिया अतीक अहमद और अशरफ का कनेक्शन आतंकी संगठन आईएसआई से भी सामने आया था. सीएम योगी ने माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. अब अतीक अहमद से कब्जा मुक्त कराई गई प्रयागराज विकास प्राधिकरण की जमीन पर गरीबों के आवास बनने जा रहे हैं. सिद्धार्थ नाथ सिंह का दावा है कि इस जमीन पर माफिया अतीक अहमद कभी अपने घोड़े बांधता था.
लेकिन अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई इस सरकारी जमीन पर फ्लैट निर्माण के लिए जल्द ही सीएम योगी आदित्यनाथ शिलान्यास करेंगे. उन्होंने कहा है कि शहर पश्चिमी जहां पहले माफिया के नाम से जाना जाता था. वही आज शहर पश्चिमी मोदी के विकास और योगी जी के न्याय के लिए जाना जा रहा है.
वहीं प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आईएएस ऋषि राज के मुताबिक कसारी मसारी में 9811.35 स्क्वायर मीटर में मध्यम आय वर्ग के लिए फ्लैट बनाए जा रहे हैं. यहां पर 14 मंजिली बिल्डिंग बनने जा रही है. जिसमें टू बीएचके के कुल 602 फ्लैट बनेंगे. एक फ्लैट 56.45 स्क्वायर मीटर में बनकर तैयार होगा. जिसकी लागत करीब 28 लाख रुपए आएगी. लगभग डेढ़ सौ करोड़ से यह योजना बनाकर तैयार होगी. माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन की कीमत लगभग 41 करोड़ है.
पीडीए उपाध्यक्ष के मुताबिक फ्लैटों के निर्माण के लिए रेरा में रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है. रेरा से नंबर मिलने के बाद जल्द ही भूमि पूजन कराया जाएगा. पीडीए उपाध्यक्ष ऋषि राज के मुताबिक पद्म लोक आवास योजना में 602 फ्लैट बनेंगे. सभी फ्लैट 2 बीएचके होंगे. उनके मुताबिक इस आवास योजना से पहले एक डिमांड सर्वे भी कराया गया था. इसमें एक फ्लैट की कीमत लगभग 28 लाख आ रही है.
रजिस्ट्री समेत एक फ्लैट 30 लाख रुपए के पड़ेंगे. इस बिल्डिंग की खास बात यह है कि इसमें पार्किंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोलर सिस्टम की सुविधा भी रहेगी. यह बिल्डिंग अत्याधुनिक मिवान स्ट्रक्चर टेक्नोलॉजी पर बनाई जाएगी. इसमें स्विमिंग पूल, कम्युनिटी हॉल कमर्शियल कंपलेक्स और एसटीपी का भी निर्माण किया जाएगा.
वहीं प्रयागराज विकास प्राधिकरण की इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है. कसारी मसारी में रहने वाले एक एखलाख अहमद बताते हैं कि प्राधिकरण ने 1989 में इस जमीन को अधिग्रहीत कर लिया था. लेकिन यहां पर माफिया अतीक अहमद की दबंगई के चलते प्रयागराज विकास प्राधिकरण कोई निर्माण कार्य नहीं कर सका था. लेकिन अब माफिया अतीक अहमद की मौत के बाद यहां पर जब गरीबों के आवास बनेंगे तो निश्चित तौर पर यह जमीन आबाद हो जाएगी. इसके साथ ही इस जमीन पर जो गंदगी है वह भी दूर हो जाएगी. स्थानीय लोग भी इस जमीन पर आवासीय योजना लाए जाने से बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं.
यूपी में माफिया से मुक्त कराई गई जमीनों पर गरीबों के आवास बनाए जाने की जहां पहली योजना प्रयागराज में 2021 में शुरू हुई और 2023 में पूरी होने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों को समर्पित किया था. वहीं दूसरी योजना भी माफिया अतीक अहमद की कब्जे से मुक्त कराई गई प्राधिकरण की जमीन पर अब बनने जा रही है. जिससे योगी सरकार जल्द ही सरकार 602 परिवारों के सिर पर छत देने का अपना वायदा भी पूरा करेगी.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें