नोएडा एयरपोर्ट से सीधे विदेश उड़ान, कब शुरू होंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स? जानें
Last Updated:
Noida International Airport/ Jewar Aiprort: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पूरी तरह से चालू होने का हर कोई इंतजार कर रहा है. आए दिन नए-नए अपडेट्स सामने आ रहे हैं. लंबे समय से जिस एयरपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था, वह अब जल्द ही यात्रियों के लिए खुलने वाला है. घरेलू उड़ानों के बाद अब अंतरराष्ट्रीय उड़ान को लेकर भी नई जानकारी सामने आ गई है.
जेवर एयरपोर्ट से इंडिगो की उड़ान 15 जून से शुरू हो रही हैं.
Jewar Aiport Updates: दिल्ली एनसीआर के लोगों के लिए अच्छी खबर है. अब जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरने का सपना देखने वाले लोगों के लिए नया अपडेट्स आया है. अगर आपको इंतजार है नोएडा एयरपोर्ट से विदेश जाने के लिए तो हम बता दें बस कुछ महीने ही आपको इंतजार करना है अब. दरअसल, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों की शुरुआत के करीब 90 दिन बाद अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स भी शुरू हो जाएंगी.
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 15 जून से एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ान संचालन शुरू होगा. पहले चरण में इंडिगो एयरलाइंस नोएडा से हैदराबाद और अमृतसर के लिए रोजाना फ्लाइट चलाएगी. उसके 90 दिन बाद यानी तीन माह के इंतजार के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू हो जाएंगी.
बता दें, 15 के बाद 16 जून से बेंगलुरु और जम्मू के लिए उड़ानें शुरू होंगी. वहीं, 1 जुलाई तक श्रीनगर, जयपुर, देहरादून, भोपाल, चंडीगढ़, धर्मशाला, जोधपुर, नवी मुंबई और पंतनगर समेत 16 से ज्यादा शहर नेटवर्क में जुड़ जाएंगे.
CEO ने बताया कि एयर इंडिया समेत कई एयरलाइंस से बातचीत जारी है. घरेलू नेटवर्क मजबूत होने के बाद इंटरनेशनल फ्लाइट्स की योजना पर तेजी से काम होगा. हालांकि अभी किन देशों के लिए उड़ानें शुरू होंगी, इसकी सूची तय नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही इसका फ्रेमवर्क तैयार कर लिया जाएगा.
वहीं सूत्रों के मुताबिक, इस एयरपोर्ट से पहली उड़ान के संचालन के लिए इंडिगो एयरलाइन को चुना गया है. संभावना जताई जा रही है कि 10 मई से टिकट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. गौरतलब है, एयरपोर्ट प्रशासन ने 15 जून से नियमित उड़ान संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें