नोएडा से लेकर लखनऊ तक बदला मौसम, 80 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

0
नोएडा से लेकर लखनऊ तक बदला मौसम, 80 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट


लखनऊ : पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून का असर देखने को मिल रहा है. नोएडा से लेकर आगरा तक सुबह-सुबह रिमझिम बारिश हुई. अभी भी बादल छाए हुए हैं. मौसम सुहाना तो हुआ है, लेकिन हालात बिगड़ने लगे हैं. जगह-जगह बारिश का पानी भर गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की माने तो आगरा, अलीगढ़ समेत 19 जगह पर तेज आंधी तूफान के साथ बारिश होगी. यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद समेत 60 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी है. यहां भी तेज हवाओं के साथ बारिश होगी. प्रयागराज में तो आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत हो गई. वहीं 6 लोग झुलस गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है. वहीं, उन्नाव में छप्पर गिरने से अधेड़ की मौत हो गई है.

मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. सोमवार को लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत 20 जिलों में बारिश हुई. फिरोजाबाद और उन्नाव के सरकारी अस्पताल में घुटनों तक पानी भर गया. शामली में नहर फूट गई. इससे किनारे बनी सड़क 10 फीट धंस गई. नहर का पानी गांवों में घुस गया. कई बीघा खेत जलमग्न हो गए.

पिछले 24 घंटे में बारिश और बिजली गिरने की वजह से प्रदेश में 11 लोगों की मौत हो गई. इनमें मुजफ्फरनगर में मकान गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई. प्रयागराज में बिजली गिरने से 2 लोगों की, जबकि बलिया और चंदौली में एक-एक किसान की मौत हो गई. एटा में घर की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई. वहीं, उन्नाव में एक की मौत हो गई.

यहां के लिए अलर्ट

अलीगढ़, आगरा, एटा, मथुरा, इटावा, मैनपुरी, महोबा समेत 19 जगह के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यानी की भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी. वहीं, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर, लखनऊ, जालौन, प्रयागराज, आजमगढ़ समेत करीब 60 से अधिक जगह येलो अलर्ट है. यहां भी पूरे दिन बारिश हो सकती है. लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसका असर यूपी पर पड़ रहा है. मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. ऐसे में प्रदेश में 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा. इसके बाद 3-4 दिन कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा.

एटा में हादसा
एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र के नगला पुडीहार गांव में सोमवार दोपहर भारी बारिश के दौरान खपरैल की शेड और उससे सटी कच्ची दीवार गिर गई. हादसे में फूलमाला (55) की मौत हो गई, जबकि रीना देवी (40) और कुसुमा देवी (50) घायल हो गईं. तीनों महिलाएं शेड के नीचे बैठी थीं, तभी करीब साढ़े तीन बजे पुरानी शेड भरभराकर गिर गई और वे मलबे में दब गईं. ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने फूलमाला को मृत घोषित कर दिया. दोनों घायलों का इलाज जारी है.

छप्पर गिरने से अधेड़ की मौत
उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अहिरन पुरवा गांव में घर के बाहर छप्पर के नीचे आराम कर रहे थे 54 साल के रामप्रकाश. तभी छप्पर गिर पड़ा. हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.

प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत
प्रयागराज के सोरांव के नवाबगंज क्षेत्र स्थित रघुवंशपुर उर्फ रेरुआ गांव में सोमवार शाम बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है. मृतकों की पहचान रघुवंशपुर निवासी संजीत कुमार (48) और बैरहना सम्हई निवासी नागेश कुमार (40) के रूप में हुई है. दोनों बकरी चराने गए थे और बारिश के दौरान अमरूद के बाग में पेड़ के नीचे खड़े थे. तभी उन पर बिजली गिर गई.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *