पति पीट रहा था गेट, अंदर से नहीं आई कोई आवाज, फिर 2 साल की बेटी ने खोला, तो…
Last Updated:
Hathras News: एक शख्स जब अपने घर पहुंचा तो उसके घर का गेट खोलने कोई बाहर नहीं आया. फिर करीब आधे घंटे बाद जब 2 साल की बच्ची ने दरवाजा खोला तो शख्स के होश उड़ गए. उसकी पत्नी का शव पड़ा हुआ था. जबकि एक युवक फंदे से लटका हुआ था.
महिला की बेरहमी से हत्या. (सांकेतिक फोटो)
हाथरस: हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के नगला भूरा गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद स्वयं फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला का पति काम से घर लौटा और काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद उसकी दो साल की बेटी ने अंदर से दरवाजा खोला.
नगला भूरा निवासी विपिन निजी कंपनी में नौकरी करता है. उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले 25 साल की प्रियंका से हुई थी. दोनों की दो साल की एक बेटी भी है. गुरुवार शाम करीब पांच बजे विपिन जब घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई बाहर नहीं आया. लगभग आधे घंटे बाद बेटी ने अंदर से दरवाजा खोला.
घर के अंदर का दृश्य देखकर विपिन के होश उड़ गए. कमरे में चारपाई पर उसकी पत्नी प्रियंका का शव पड़ा था, जबकि गांव निवासी प्रकाश (26) का शव फंदे से लटका हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. सूचना पर हाथरस गेट कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सीओ सिटी हिमांशु माथुर मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत जुटाए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लग रहा है. पुलिस की आशंका है कि प्रकाश विवाहिता प्रियंका को अपने साथ ले जाने के इरादे से उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर प्रकाश ने कथित तौर पर प्रियंका की गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. हालांकि, मृतका के पति विपिन ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी का किसी से कोई प्रेम संबंध नहीं था. उसका आरोप है कि प्रकाश ने उसकी पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या की है.
जांच में पुलिस जुटी
सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि नगला भूरा गांव में दो लोगों की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए. घटनास्थल को सील कर दिया गया है और दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें