पीलीभीत को अगले महीने मिलेगी जाम से निजात… 90 % पूरा हुआ इस पुल का काम!
Last Updated:
Pilibhit News : पीलीभीत में असम हाईवे पर हरदोई नहर के संकरे पुल का 90% काम पूरा हो चुका है. अगले महीने तक एप्रोच रोड का काम भी पूरा कर लिया जाएगा, जिससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी. पुल निर्माण में किसानों की…और पढ़ें
हरदोई नहर पुल का निर्माण,
हाइलाइट्स
- असम हाईवे पर हरदोई नहर के पुल का 90% काम पूरा हुआ.
- अगले महीने पुल से आवागमन शुरू होने की संभावना.
- पुल निर्माण में 27.41 करोड़ रुपए की लागत आई.
पीलीभीत. अगर कोई अड़चन नहीं आती तो अगले महीने में असम-हाईवे पर हरदोई नहर के संकरे पुल पर लगने वाले जाम से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगा. निर्माणाधीन पुल तैयार होने के बाद अब एप्रोच रोड बनाने का काम तेजी से चल रहा है. काम कराने वाली संस्था का दावा है कि अगले माह तक निर्माणाधीन पुल से जुड़े सारे काम पूरे कर यातायात शुरू करा दिया जाएगा.
असम हाईवे पर पीलीभीत-पूरनपुर के बीच हरदोई ब्रांच नहर पर संकरे और जर्जर हो चुके पुल पर लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए यहां 27.41 करोड़ रुपए की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है. पुल निर्माण शुरू हुए डेढ़ साल से अधिक समय बीत चुका है. तमाम अड़चनों के बाद यहां 74.8 मीटर लंबा स्टील ब्रिज तो तैयार कर दिया गया, मगर इसके बाद निर्माणाधीन पुल की एप्रोच रोड को लेकर मामला अटक गया था.
इस कारण अटक गया था पुल का काम
दरअसल, एप्रोच रोड की राह में पूरनपुर तहसील के गांव उदयकरनपुर के कुछ किसानों की जमीन आ रही थी. यहां जाम की समस्या को संज्ञान में लेते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद जितिन प्रसाद जिला प्रशासन को जमीन मुहैया कराने के निर्देश दिए थे. इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से 3 सदस्यीय कमेटी गठित कर किसानों के साथ बैठक की गई. बैठक में किसानों की सहमति और मुआवजे की धनराशि तय होने के बाद भूमि अधिग्रहण संबंधी कार्रवाई पूरी की गई. इस पूरी प्रक्रिया में भी करीब दो से तीन महीने लग गए.
90 फीसदी काम पूरा
किसानों को मुआवजा देने व जमीन हैंडओवर होने के बाद निर्माणाधीन पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का काम भी तेजी से शुरू कर दिया गया है. वहीं निर्माणाधीन पुल पर डेक शीट तैयार करने के बाद कंक्रीट स्लैब भी बिछा दी गई है. ऐसा माना जा रहा है कि करीब 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है. कार्यदायी संस्था का दावा है कि एप्रोच रोड से संबंधित काम तेजी से किए जा रहे हैं. अगले माह से पुल से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगें. यदि सब कुछ ठीक रहा तो अगले माह में नए पुल से आवागमन भी शुरू हो जाएगा.
पुल के दोनों तरफ तेजी से होगा काम
पुल निर्माण पर अधिक जानकारी देते हुए कार्यदायी संस्था के डीपीएम सुमन कुमार ने बताया कि हरदोई ब्रांच नहर पर पुल से संबंधित लगभग सभी कार्य पूरे किए जा चुके है, अप्रोच रोड बनना बाकी है. अब इस पर पुल के दोनों तरफ तेजी से काम किया जा रहा है. अगले माह तक काम पूरा करने के साथ ही आवागमन भी शुरू हो जाएगा.