‘पैसे दीजिए, आपको अंदर से दर्शन करा देते हैं!’, राम मंदिर दर्शन की सच्चाई
Last Updated:
Ayodhya News: श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त में कई सुविधाएं दी जाती हैं. उसी तरह सामान्य दर्शन पूरी तरह निशुल्क है. दर्शन के नाम पर किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आने की आवश्यकता नहीं है. यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर दर्शन कराने या वीआईपी प्रवेश दिलाने का दावा करता है, तो श्रद्धालु ऐसे लोगों से सावधान रहें.
अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन को लेकर समय-समय पर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें सामने आती रहती हैं. कई श्रद्धालुओं के मन में यह सवाल रहता है कि क्या राम मंदिर में दर्शन के लिए टिकट लेना पड़ता है या कोई शुल्क देना होता है. इसका सीधा और स्पष्ट जवाब है नहीं, श्रीरामलला के सामान्य दर्शन पूरी तरह निशुल्क है. मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम श्रद्धालुओं से दर्शन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता और न ही कोई आधिकारिक पेड दर्शन या वीआईपी टिकट व्यवस्था लागू है.
मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. सभी श्रद्धालु निर्धारित कतार और सुरक्षा व्यवस्था के तहत बिना किसी शुल्क के दर्शन कर सकते हैं. दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मंदिर प्रशासन समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करता है, जिनका पालन करना सभी श्रद्धालुओं के लिए जरूरी होता है.
धार्मिक व्यवस्थाएं अलग नियमों के तहत संचालित
हालांकि मंदिर परिसर में कुछ विशेष धार्मिक व्यवस्थाएं अलग नियमों के तहत संचालित की जाती हैं. उदाहरण के तौर पर राम दरबार में प्रवेश या विशेष आरती में शामिल होने के लिए पास व्यवस्था लागू हो सकती है. यह व्यवस्था भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाई गई है. इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर देना है, न कि दर्शन के लिए शुल्क लेना.
क्या-क्या निशुल्क सुविधाएं?
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में कई निशुल्क सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. इनमें बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर, सुरक्षा व्यवस्था, सहायता केंद्र, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं. मंदिर प्रशासन लगातार कोशिश कर रहा है कि हर श्रद्धालु को सहज और सुरक्षित वातावरण में भगवान श्रीराम के दर्शन का अवसर मिले.
राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से सुविधा
विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान रामलला के सामान्य दर्शन पूरी तरह निशुल्क है. उन्होंने कहा कि दर्शन के नाम पर किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आने की आवश्यकता नहीं है. यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर दर्शन कराने या वीआईपी प्रवेश दिलाने का दावा करता है, तो श्रद्धालु ऐसे लोगों से सावधान रहें.
मंदिर की सभी आधिकारिक व्यवस्थाएं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जाती हैं. उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें. रामलला के दर्शन सभी भक्तों के लिए समान रूप से खुले हैं और इसके लिए किसी टिकट या शुल्क की आवश्यकता नहीं है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.