बरेली में सफर हुआ सस्ता और स्मार्ट: ई-बसों में रोजाना 6 हजार से ज्यादा यात्री

0
बरेली में सफर हुआ सस्ता और स्मार्ट: ई-बसों में रोजाना 6 हजार से ज्यादा यात्री


Last Updated:

Bareilly Electric Bus: बरेली में वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस सेवा का न्यूनतम किराया 11 रुपये से घटाकर मात्र 5 रुपये कर दिया गया है. किराए में कटौती, बेहतर सुविधाओं और ‘E-City Bus UP’ ऐप के जरिए लाइव बस ट्रैकिंग की सुविधा के चलते रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 3,000 से बढ़कर 6,000 के पार पहुंच गई है. यात्री संतुष्टि और सुविधाओं के मामले में बरेली ई-बस सेवा ने पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है. बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए बेड़े में 25 नई बसें जोड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है.

Bareilly Electric Bus: बरेलीवासियों के लिए शहर में सफर करना अब न सिर्फ स्मार्ट और आरामदायक हो गया है, बल्कि जेब पर भी भारी नहीं पड़ रहा. सुविधाओं में सुधार, घटते किराए और डिजिटल तकनीक के बेहतरीन इस्तेमाल के दम पर बरेली की इलेक्ट्रिक बस सेवा ने पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर अपनी धाक जमाई है. इस सूची में अयोध्या पहले और अलीगढ़ तीसरे पायदान पर है. न्यूनतम किराया घटाकर मात्र 5 रुपये किए जाने के बाद से शहर की ई-बसों में यात्रियों की संख्या दोगुनी होकर रोजाना 6000 के पार पहुंच चुकी है.

किराया घटते ही यात्रियों की संख्या हुई दोगुनी
नगरीय परिवहन विभाग की ओर से बरेली में फिलहाल 25 वातानुकूलित (AC) ई-बसें छह प्रमुख रूटों पर संचालित की जा रही हैं. जनवरी 2026 में न्यूनतम किराया 11 रुपये से घटाकर सिर्फ 5 रुपये कर दिया गया. इसके बाद रूटों में भी बदलाव किए गए, जिसका सीधा फायदा यात्रियों को मिला. पहले जहां प्रतिदिन करीब तीन हजार लोग ई-बसों से यात्रा करते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर छह हजार से अधिक हो गई है.

ऑटो और ई-रिक्शा के बराबर हुआ किराया
सिटी बस इंचार्ज मनीष जी बताती हैं, ‘हमने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई-बसों का किराया ऑटो और ई-रिक्शा के बराबर रखा है. 0 से 3 किलोमीटर तक का किराया सिर्फ 5 रुपये है और आगे भी 5-5 रुपये के स्लैब में किराया तय किया गया है. इससे लोगों का भ्रम दूर हुआ कि ई-बस का किराया ज्यादा होगा और अब रोजाना छह हजार से अधिक यात्री इसका लाभ उठा रहे हैं.’

‘E-City Bus UP’ ऐप से मिलेगी लाइव लोकेशन
ई-बस सेवा को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए ‘E-City Bus UP’ मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है. इस ऐप के जरिए यात्री अपनी वर्तमान लोकेशन के आधार पर नजदीकी बस स्टॉप, बस की लाइव लोकेशन और बस कितने मिनट में पहुंचेगी, इसकी जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं. हालांकि अभी ई-टिकट की सुविधा उपलब्ध नहीं है, लेकिन शासन से स्वीकृति मिलने के बाद इसे भी जल्द शुरू करने की तैयारी है. ई-टिकटिंग अभी प्रस्तावित है, जैसे ही शासन स्तर से स्वीकृति मिलेगी, इसे भी लागू कर दिया जाएगा.

बसों की संख्या 50 करने का प्रस्ताव भेजा गया
शहर के प्रमुख चौराहों पर हर 10 से 15 मिनट में उपलब्ध वातानुकूलित ई-बसें अब बरेलीवासियों की पहली पसंद बनती जा रही हैं. बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए बसों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 करने का प्रस्ताव भी मुख्यालय भेजा गया है. यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो आने वाले समय में बरेली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक आधुनिक, सुलभ और यात्री अनुकूल बन जाएगी.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…

और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *