मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर मौत का मंजर, लाइन की चपेट में आने से युवक झुलसा
Last Updated:
Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास अचानक एक युवक मालगाड़ी पर चढ़ गया और हाईटेंशन बिजली की चपेट में आ गया, जिससे उसकी झुलसने से मौत हो गई. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन हादसा
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया. दरअसप प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी मालगाड़ी (वैगन) पर एक युवक चढ़ गया और हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट लगते ही तेज धमाका हुआ और युवक गंभीर रूप से झुलस गया.
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वहां मौजूद लोगों को कहना है कि कोई बड़ी घटना होने से बच गई, क्योंकि इस घटना के दौरान वहां डीजल से भरी मालगाड़ी खड़ी थी. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर युवक वहां तक कैसे पहुंचा और उसकी क्या मंशा थी.
युवक की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आते ही युवक के शरीर में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा. कुछ ही क्षणों बाद वह मालगाड़ी से नीचे गिर गया. घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए. युवक की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जिस वैगन पर युवक चढ़ा था, उसमें डीजल भरा हुआ था. हालांकि राहत की बात यह रही कि आग मालगाड़ी तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.
मृतक की नहीं हो पाई है पहचान
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, वीडियो की पुष्टि आधिकारिक रूप से नहीं की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.