लखनऊ अग्निकांड के दोषियों को छोड़ेंगे नहीं सीएम योगी, अलीगढ़ से कहकर निकले
Last Updated:
Lucknow Aliganj Coaching Fire: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अलीनगर में हुए अग्निकांड मामले को लेकर संवेदना जाहिर की है और अलीगढ़ की यात्रा रद्द कर घटनास्थल पर जाने का फैसला किया है. साथ ही सीएम ने दोषियों को सजा देने की भी बात कही है.
अलीगढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक कोचिंग संस्थान में अचानक आग लग गई, जिसमें कई छात्रों की मौत की खबर सामने आई है और कई घायल हैं. इस भीषण हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और संवेदना जाहिर करते हुए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने की बात कही है. सीएम योगी ने अपनी यात्रा रद्द करते हुए घटनास्थल पर पहुंचने का फैसला लिया है.
दरअसल आज सीएम योगी अलीगढ़ यात्रा पर हैं, लेकिन जैसे ही उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत अपनी यात्रा रोककर घटनास्थल पर पहुंचने की बात कही. सीएम योगी ने कहा, ‘मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दु:ख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी-अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुर्घटना हुई है, जिसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं.’
लखनऊ के लिए रवाना होने का फैसला
उन्होंने आगे कहा, ‘इस भीषण हादसे में कई छात्रों की मौत हुई है और कई घायल हैं. प्रशासन वहां राहत कार्य में लगा हुआ है. इस दु:खद घटना के कारण मुझे तत्काल वापस लखनऊ जाना पड़ रहा है. जिन नौजवानों ने जान खोई या जिन परिवारों ने अपने घर का बेटा खोया है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.’
दोषियों को दी जाएगी सजा
सीएम योगी ने आगे कहा, ‘इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव को भी कहा है कि मौके पर जाकर सारी जांच करें और इसकी तुरंत रिपोर्ट प्रस्तुत करें. मैं खुद भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं, जिससे इस पूरे मामले की तह तक जाकर दोषियों को सजा दी जा सके और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें. उन्होंने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि अलीगढ़ के लिए अलग से प्लैन बनाउंगा.’
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.