लखनऊ अग्निकांड के बाद एक्शन में LDA, 1000 लोगों को नोटिस जारी
Last Updated:
Lucknow Coaching Centre Fire Case: लखनऊ अग्निकांड के बाद अब एलडीए एक्शन मोड में आ गया है. शहर में अवैध निर्माण और रिहायशी इलाकों में चल रही कारोबारी गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी है. 1000 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 1500 इमारतों पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है.
लखनऊ अलीगंज अग्निकांड
लखनऊ: यूपी के लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद अब लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) एक्शन मोड में नजर आ रहा है. एलडीए ने शहर में ऐसे करीब 1000 लोगों को नोटिस भेजा है, जो रिहायशी प्लॉट पर कमर्शियल एक्टिविटी कर रहे है यानि कि नियमों के खिलाफ दुकान, ऑफिस या दूसरे कारोबारी काम शुरू कर रखे हैं. एलडीए अधिकारियों के मुताबिक, 258 लोगों ने अब तक अपने मामलों का निपटारा करा लिया है. वहीं करीब 1500 इमारतों के खिलाफ तोड़फोड़ (ध्वस्तीकरण) के आदेश पहले से ही लटके पड़े हैं.
एलडीए का कहना है कि इन मामलों में जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी. इसके लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है. अगर भवन मालिक खुद अवैध निर्माण नहीं हटाते हैं, तो एलडीए अपनी टीम भेजकर कार्रवाई करेगा. अधिकारियों का मानना है कि हाल ही में हुई आग की घटना के बाद शहर में अवैध निर्माण और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर सख्ती जरूरी हो गई है. इसी वजह से अब पुराने मामलों को भी तेजी से निपटाने की तैयारी की जा रही है.
एलडीए की रिपोर्ट एसआईटी को भी सौंपी जाएगी. इसके बाद यह तय किया जाएगा कि जिन 1500 इमारतों पर पहले से कार्रवाई के आदेश हैं, उन पर जमीन पर कार्रवाई कैसे शुरू की जाए. कुल मिलाकर, लखनऊ में अवैध निर्माण और रिहायशी इलाकों में चल रहे कारोबारी कामों के खिलाफ आने वाले दिनों में बड़ा अभियान देखने को मिल सकता है.