लखनऊ में MNC कर्मचारी शिवानी सिंह मर्डर केस का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार
Last Updated:
लखनऊ में 22 वर्षीय एमएनसी कर्मचारी शिवानी सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि शिवानी की सगाई के बाद आरोपी नाराज था. कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची. आरोप है कि प्रेमी ने सुनसान इलाके में बुलाकर युवती की हत्या की और सबूत मिटाने की कोशिश की.
लखनऊ: यूपी के लखनऊ में 22 वर्षीय एमएनसी कर्मचारी शिवानी सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, शिवानी की हत्या उसकी सगाई के महज चार दिन बाद की गई.
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, शिवानी 17 मई को घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. अगले दिन शाम करीब 8 बजे वृंदावन योजना स्थित उत्रेटिया रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में उसकी लाश मिली. राहगीरों ने उसकी लाश देखकर पुलिस को सूचना दी. तो वहीं मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान भी पाए गए.
शिवानी की सगाई से नाराज था कथित प्रेमी
डीसीपी साउथ जोन वसंत कुमार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और शिवानी की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की. इसमें सामने आया कि गायब होने से पहले शिवानी को उसके कथित प्रेमी प्रेम कुमार मांझी का फोन आया था. कॉल और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची.
पुलिस पूछताछ में पता चला कि शिवानी की 14 मई को प्रकाश नामक युवक से सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. वहीं आरोपी प्रेम कुमार पिछले करीब छह वर्षों से शिवानी के संपर्क में था और उसकी सगाई से नाराज था.
कहासुनी के बाद मर्डर
आरोप है कि 17 मई की रात प्रेम ने शिवानी को मिलने के लिए रेलवे स्टेशन के पास सुनसान इलाके में बुलाया. वहां दोनों के बीच सगाई और रिश्ते को लेकर कहासुनी हुई. इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर रबर पाइप से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में घसीटकर ले गया और पहचान छिपाने के लिए पत्थर से सिर कुचल दिया. इसके बाद उसने सबूत मिटाने के लिए शिवानी का मोबाइल तेलीबाग नहर में फेंक दिया.
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया है.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें