लॉ स्टूडेंट्स के लिए सुनहरा मौका, फिरोजाबाद कोर्ट में मिलेगी फ्री इंटर्नशिप ऐसे करें आवेदन
Last Updated:
Firozabad Law Students Free Internship: फिरोजाबाद जनपद न्यायालय में लॉ स्टूडेंट्स के लिए फ्री इंटर्नशिप का सुनहरा मौका है. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की इस नई पहल के तहत छात्रों को बिना किसी फीस के वकालत की मुफ्त ट्रेनिंग दी जाएगी. इस दौरान छात्रों को कोर्ट के अनुभवी वकीलों और कर्मचारियों के साथ काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा. गर्मियों की परीक्षाओं के बाद छात्र DLSA कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं. इंटर्नशिप पूरी होने पर एक आधिकारिक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा.
फिरोजाबाद: अगर आप भी लॉ (कानून) की पढ़ाई कर रहे हैं और अदालत की बारीकियों को करीब से सीखना चाहते हैं, तो यह खबर आपके बेहद काम की है. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद न्यायालय में लॉ स्टूडेंट्स को मुफ्त में वकालत की ट्रेनिंग और इंटर्नशिप करने का एक बेहतरीन मौका मिलने जा रहा है. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुरू की गई इस नई और अनोखी पहल के तहत छात्रों से कोई फीस नहीं ली जाएगी.
पहली बार मिलेगा जनपद न्यायालय में फ्री इंटर्नशिप का मौका
फिरोजाबाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगेशी शिवा ने लोकल 18 से बातचीत करते हुए बताया कि इस बार प्राधिकरण द्वारा लॉ स्टूडेंट्स को एक सुनहरा अवसर दिया जा रहा है, जिससे वे अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं. फिरोजाबाद में यह पहली बार हो रहा है जब लॉ कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों को जनपद न्यायालय में फ्री इंटर्नशिप कराई जाएगी. इस इंटर्नशिप के जरिए छात्रों को न्यायालय के कामकाज का व्यावहारिक अनुभव हासिल होगा.
अनुभवी वकीलों के साथ काम करने का अनुभव और सर्टिफिकेट
सचिव योगेशी शिवा के मुताबिक, इंटर्नशिप के लिए आने वाले छात्रों को कोर्ट के अनुभवी वकीलों और कर्मचारियों के साथ सीधे काम करने का मौका मिलेगा, जिससे नए विधिक पैरोकारों को कानून की सही और सटीक जानकारी मिल सकेगी. यह विशेष इंटर्नशिप पहली बार विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित की जा रही है. इसके लिए किसी भी लॉ कॉलेज का स्टूडेंट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में आकर सीधे अपना आवेदन जमा कर सकता है.
गर्मियों की परीक्षाओं के बाद कर सकते हैं आवेदन
प्राधिकरण की सचिव ने आगे कहा कि हमारे यहां आम लोगों को कानूनी मदद दिलाने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्य किए जाते हैं, जिसमें राष्ट्रीय लोक अदालत जैसे बड़े आयोजनों के जरिए जनता को राहत पहुंचाई जाती है. इस बार फिरोजाबाद जिले के न्यायालय में लॉ स्टूडेंट्स को इसी कार्यप्रणाली को समझने और अनुभव हासिल करने का मौका दिया जा रहा है. एलएलबी (लॉ) से ग्रेजुएशन करने वाले छात्र यहां आकर संपर्क कर सकते हैं.
गर्मियों में लॉ की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद छात्र यहां आकर अपना प्रैक्टिकल नॉलेज बढ़ा सकते हैं. इसके साथ ही, सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी करने वाले बच्चों को एक आधिकारिक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा, जो भविष्य में उनके बेहद काम आएगा. जो भी लॉ स्टूडेंट्स इस फील्ड वर्क का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर इसमें भाग ले सकते हैं.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें