सड़क हादसे में बेटी की मौत, फिर पहलवान से साइको किलर बन गया एनकाउंटर ढेर संदीप

0
सड़क हादसे में बेटी की मौत, फिर पहलवान से साइको किलर बन गया एनकाउंटर ढेर संदीप


लखनऊ. उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में रविवार देर रात पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संदीप लोहार उर्फ संदीप पहलवान मुठभेड़ में मारा गया. संदीप को “साइको किलर” के नाम से भी जाना जाता था, जो हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों को निशाना बनाकर उनकी हत्या करता था और कीमती सामान लूटकर फरार हो जाता था.

हरियाणा के रोहतक जिले के भैणी महाराज गांव का रहने वाला संदीप लोहार पहले एक पहलवान था. 2013 में एक सड़क हादसे में उसकी बेटी की मौत हो गई थी, जिसके लिए एक ट्रक ड्राइवर को जिम्मेदार बताया जाता है. इस हादसे ने संदीप के जीवन को पूरी तरह बदल दिया. बेटी की मौत का बदला लेने के लिए उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा और ट्रक ड्राइवरों को अपना निशाना बनाना शुरू किया.

दोस्ती, शराब और फिर हत्या

संदीप का अपराध करने का तरीका बेहद खौफनाक था. वह हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों से पहले दोस्ती करता था. खाना खिलाकर और शराब पिलाकर उनका भरोसा जीतता था. इसके बाद मौका पाकर वह गला दबाकर, गोली मारकर या धारदार हथियारों से ड्राइवरों की हत्या कर देता था. हत्या के बाद वह ट्रक में मौजूद कीमती सामान लूटकर फरार हो जाता था. पुलिस के अनुसार, संदीप ने अब तक चार से अधिक ट्रक ड्राइवरों की हत्या की और कई बड़ी लूट की वारदातों को अंजाम दिया.

कानपुर में 4 करोड़ की लूट

संदीप पर कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में 15 मई को 4 करोड़ रुपये की निकेल प्लेट से लदे ट्रक की लूट का भी आरोप था. इस वारदात के बाद से वह फरार था और पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र में हत्या, लूट और डकैती के 15 से अधिक मामले दर्ज थे.

बागपत मुठभेड़ में संदीप की मौत

29 जून की रात को बागपत के मवीकलां इलाके में पुलिस को संदीप की मौजूदगी की सूचना मिली. एसटीएफ नोएडा यूनिट और बागपत पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की. मुठभेड़ के दौरान संदीप ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की. इस दौरान संदीप गोली लगने से घायल हो गया और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बागपत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज कुमार राय ने बताया, “संदीप एक खतरनाक अपराधी था, जो हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों की हत्या कर लूटपाट करता था. इस मुठभेड़ में उसके एक साथी के फरार होने की सूचना है, जिसकी तलाश जारी है.”

पुलिस बता रही बड़ी सफलता
पुलिस ने संदीप के कब्जे से एक पिस्तौल, कारतूस और कुछ अन्य सामान बरामद किया है. उसके आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है. एसटीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक अमिताभ यश ने कहा, “यह मुठभेड़ हाईवे पर लूट और हत्या की वारदातों को रोकने की दिशा में एक बड़ी सफलता है.”

हाईवे पर फैला था खौफ

संदीप लोहार के नाम से हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों में खौफ था. उसकी क्रूरता और सुनियोजित अपराधों ने उसे एक खतरनाक अपराधी बना दिया था. इस मुठभेड़ के बाद ट्रक ड्राइवरों और स्थानीय लोगों में राहत की सांस है, लेकिन पुलिस अब भी संदीप के फरार साथी की तलाश में जुटी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *