सपा का यह नेता घोषित हुआ 25 हजार का इनामिया, 7 करोड़ की संपत्ति हो चुकी है कुर्क

0
सपा का यह नेता घोषित हुआ 25 हजार का इनामिया, 7 करोड़ की संपत्ति हो चुकी है कुर्क


Last Updated:

UP News: प्रतापगढ़ के समाजवादी पार्टी नेता गुलशन यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नाहों ले रही हैं. सवा सात करोड़ की संपत्ति कुर्की के आदेश के बाद अब उनके ऊपर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है.

Pratapgarh News: सपा नेता गुलशन यादव पर बड़ी कार्रवाई

हाइलाइट्स

  • समाजवादी पार्टी नेता गुलशन यादव की बढ़ी मुश्किलें
  • पुलिस ने गुलशन यादव के ऊपर घोषित किया इनाम
  • गुलशन यादव के खिलाफ डीएम दे चुके हैं कुर्की के आदेश

प्रतापगढ़. समाजवादी पार्टी  के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. पुलिस ने गुलशन यादव पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया है. यह घोषणा प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने की है. गुलशन यादव पर हत्या का प्रयास, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 53 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जो प्रतापगढ़ और प्रयागराज के विभिन्न थानों में दर्ज किए गए हैं.

पुलिस के अनुसार, गुलशन यादव पिछले एक साल से फरार चल रहे हैं. 2024 में मानिकपुर थाने में उनके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस द्वारा कुर्क किए गए बाग के आम बेचने का आरोप है. इस मामले में उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, और अब इनाम की घोषणा के साथ कार्रवाई को और तेज कर दिया गया है.

7 करोड़ की संपत्ति कुर्की का आदेश

जिलाधिकारी के आदेश पर गुलशन यादव की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया जारी है. अब तक उनकी कुल 7 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी हो चुका है. इसमें प्रतापगढ़ और लखनऊ में 2.5 करोड़ रुपये की कीमत का मकान और प्लॉट पहले ही कुर्क किए जा चुके हैं. हाल ही में, गैंगस्टर एक्ट के तहत उनकी पत्नी सीमा यादव के नाम पर लखनऊ के शारदा नगर में 1 करोड़ 10 लाख रुपये की जमीन भी कुर्क की गई है.

राजा भैया के खिलाफ लड़ा था चुनाव

गुलशन यादव का नाम उस समय सुर्खियों में आया था, जब उन्होंने कुंडा विधायक और प्रभावशाली नेता राजा भैया के खिलाफ 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर अपनी किस्मत आजमाई थी. हालांकि, वे इस चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके. गुलशन यादव कभी राजा भैया के करीबी सहयोगी रहे थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता शुरू हो गई.

पुलिस की कार्रवाई तेज

प्रतापगढ़ पुलिस और प्रशासन गुलशन यादव के खिलाफ लगातार कार्रवाई में जुटा है. एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि गुलशन के खिलाफ पहला मुकदमा 1998 में कुंडा थाने में दर्ज हुआ था. उनके खिलाफ ज्यादातर मामले प्रतापगढ़ के विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जबकि एक मामला प्रयागराज के सोरांव थाने में दर्ज है. पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें लग्जरी वाहन, आवासीय भूमि और बैंक खाते शामिल हैं.

सपा कार्यालय भी कुर्की की जद में

हैरानी की बात यह है कि गुलशन यादव से जुड़ी संपत्तियों में सपा का कुंडा कार्यालय भी शामिल है, जिसे कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इस कार्रवाई की शुरुआत कुंडा कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने ढोल-नगाड़ों के साथ की थी, जो स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है.

authorimg

Amit Tiwariवरिष्ठ संवाददाता

Principal Correspondent, Lucknow

Principal Correspondent, Lucknow

homeuttar-pradesh

सपा का यह नेता घोषित हुआ 25 हजार का इनामिया, 7 करोड़ की संपत्ति भी कुर्क



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *