‘साहब, मुझे कुत्ते ने काट लिया है, महीने भर की छुट्टी चाहिए’, हेड कांस्टेबल की बात सुन चकराया एसपी का माथा

0
‘साहब, मुझे कुत्ते ने काट लिया है, महीने भर की छुट्टी चाहिए’, हेड कांस्टेबल की बात सुन चकराया एसपी का माथा


बस्ती. देशभर में आवारा कुत्तों को लेकर चल रही बहस के बीच बस्ती में डॉग बाइट का खतरा तेजी से बढ़ रहा है. जिला अस्पताल के आंकड़े चौंकाने वाले हैं. जनवरी से अब तक 37 हजार से ज्यादा लोग कुत्तों के काटने के शिकार होकर इलाज कराने अस्पताल पहुंच चुके हैं. हालात ऐसे हैं कि रोज़ाना लगभग 150 मरीज रेबीज़ का टीका लगवाने आ रहे हैं. इसी डॉग बाइट के आतंक का शिकार इस बार बस्ती पुलिस महकमे के एक हेड कांस्टेबल भी हुए, जिन्हें कुत्ते के काटने के बाद महीनों से इलाज कराना पड़ रहा है. हालत गंभीर होने पर उन्होंने एक महीने की छुट्टी तक मांग ली.

150 लोग रोज डॉग बाइट का शिकार

बस्ती जिले में आवारा कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ा है. जिला अस्पताल में रोज़ाना लगभग 150 लोग कुत्तों के काटने के बाद रेबीज़ की वैक्सीन लगवाने आते हैं. जनवरी से अगस्त के बीच डॉग बाइट के 37 हजार से अधिक केस दर्ज हुए हैं. यह आँकड़ा अपने आप में इस बात की गवाही है कि स्थिति कितनी खतरनाक हो चुकी है.

हेड कांस्टेबल सूर्यभान शर्मा बने शिकार

सोनहा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल सूर्यभान शर्मा करीब 35 दिन पहले आवारा कुत्ते के शिकार बने. कुत्ते ने उनके पैर पर हमला किया, जिसके बाद से वह लगातार इलाज करवा रहे हैं. लेकिन लंबे इलाज के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली. जख्म ने जैसे नासूर का रूप ले लिया हो.

छुट्टी के लिए पहुंचे एसपी ऑफिस

कुत्ते के काटने से परेशान हेड कांस्टेबल ने जब अपने चिकित्सक से दोबारा संपर्क किया तो डॉक्टर ने उन्हें लंबा इलाज कराने की सलाह दी. चिकित्सक ने साफ कहा कि इलाज लगातार चलेगा, तभी आराम मिलेगा. ऐसे में थक-हारकर हेड कांस्टेबल सूर्यभान शर्मा सीधे पुलिस अधीक्षक  कार्यालय पहुंचे गए. वहां उन्होंने कहा कि साहब, मुझे कुत्ते ने काट लिया है. डॉक्टर ने कहा है इलाज लंबा चलेगा. कृपया मुझे एक महीने की छुट्टी दे दीजिए.

एसपी और डिप्टी एसपी ने दिखाई संवेदनशीलता

अर्जी की गंभीरता को देखते हुए SP ने तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने मामले को डिप्टी एसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी के पास भेजा. वहां पेश होकर हेड कांस्टेबल ने अपनी समस्या विस्तार से बताई. डिप्टी एसपी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें तुरंत एक महीने की छुट्टी मंजूर कर दी. अब सूर्यभान शर्मा का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

स्‍वास्‍थ विभाग कर रहा लोगों को जागरूक :  खालिद रिजवान

जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक खालिद रिजवान ने बताया कि प्रतिदिन 125 से 150 डॉग बाइट के मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. जनवरी से अब तक 37 हजार से अधिक लोग कुत्तों के काटने का शिकार होकर अस्पताल आ चुके हैं. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक भी कर रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *