हार नहीं, हौसले पर रखा भरोसा… आज UP के पप्पू माली बने फूलों के बड़े व्यापारी
Last Updated:
Business Success Story: व्यापार में तीन चीजें सबसे जरूरी हैं- अच्छा रेट, अच्छी क्वालिटी और ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार. आज इसी विश्वास ने एक छोटे फूल विक्रेता को बड़ा कारोबारी बना दिया. आइए उनकी बिजनेस की सफलता के बारे में आपको बताते हैं.
जौनपुर: कहते हैं कि असफलता अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत का अवसर होती है. इस कहावत को सच साबित किया है जौनपुर के चर्चित फूल व्यवसायी पप्पू माली ने. कभी दो रुपये की माला बेचकर अपनी पढ़ाई और परिवार का खर्च चलाने वाले पप्पू माली आज जय मां दुर्गे फूल मंडी के नाम से पहचान बना चुके हैं. उनका जीवन संघर्ष, मेहनत और कभी हार न मानने की मिसाल है.
पप्पू माली ने बताया कि करीब 35 वर्ष पहले उनका जीवन बेहद कठिन दौर से गुजर रहा था. घर की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और एक-एक रुपये के लिए संघर्ष करना पड़ता था. वह रोज सुबह चार बजे गोपालापुर तिराहे पहुंच जाते थे और बसों में चढ़कर दो-दो रुपये की मालाएं बेचते थे. दिनभर में मुश्किल से 10 से 15 रुपये की कमाई होती थी. इसके बाद वह पढ़ाई के लिए निकल जाते थे.
15 से 20 लाख रुपए का हो गया था कर्ज
उन्होंने बताया कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए उन्होंने कई छोटे-बड़े व्यवसाय किए. कभी पान की दुकान चलाई, कभी सब्जी बेची, कभी मोबाइल की दुकान खोली, फिर कपड़ों और मिठाई का कारोबार भी किया, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया. लगातार घाटे के कारण उन पर 15 से 20 लाख रुपये तक का कर्ज हो गया. एक समय ऐसा भी आया, जब लगा कि अब सब कुछ खत्म हो जाएगा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.
साल 2006 में शुरू किया था कारोबार
पप्पू माली ने कहा ‘जीवन एक संघर्ष गाथा है. संघर्ष करेंगे तो जीवन से कभी हार नहीं मिलेगी. मैंने बुरे से बुरा समय देखा है, लेकिन कभी हौसला नहीं छोड़ा. उसी का परिणाम है कि आज जय मां दुर्गे फूल मंडी अपनी पहचान बना चुकी है.’ साल 2006 में जौनपुर आने के बाद उन्होंने फूलों के कारोबार में नई शुरुआत की. उनके अनुसार उस समय जिले में फूलों का व्यवसाय सीमित था और अधिकांश फूल बाहर से आते थे. धीरे-धीरे उन्होंने स्थानीय किसानों को इस कारोबार से जोड़ा. आज पिंडरा क्षेत्र से प्रतिदिन करीब 100 से 150 किसान उनकी मंडी में फूल बेचने आते हैं. कारोबार बढ़ने पर उन्होंने चाचकपुर फूल मंडी में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई.
व्यापार बढ़ाने के लिए 3 चीजें जरूरी
अपनी सफलता का राज बताते हुए पप्पू माली कहते हैं, ‘व्यापार में तीन चीजें सबसे जरूरी हैं अच्छा रेट, अच्छी क्वालिटी और ग्राहकों के साथ अच्छा व्यवहार. ग्राहक को कभी धोखा मत दीजिए. अगर ग्राहक को उसके पैसे का सही सामान मिलेगा और सम्मान मिलेगा, तो आपका व्यापार आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता.’ उन्होंने अपने सभी ग्राहकों, शुभचिंतकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे बुरे समय में भी लोगों ने मेरा साथ दिया और आज भी वही विश्वास बनाए हुए हैं. मैं सभी का दिल से धन्यवाद करता हूं.
आज पप्पू माली की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो एक-दो असफलताओं के बाद अपने सपनों को छोड़ देते हैं. उनका मानना है कि मेहनत, ईमानदारी, ग्राहकों का विश्वास और लगातार संघर्ष ही सफलता की असली कुंजी है. यही कारण है कि कभी छोटी-सी माला बेचने वाला यह युवक आज जौनपुर में फूलों के बड़े कारोबारियों में अपनी अलग पहचान बना चुका है.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें