दशहरा पर कैसा होगा मौसम? रावण दहन होगा फीका! IMD का बड़ा अलर्ट
वाराणसीः उत्तर प्रदेश में दुर्गापूजा से दशहरे के बीच मौसम की आंख मिचौली देखी जाएगी. इस दौरान कुछ जिलों में थोड़े बादल नजर आएंगे तो कहीं खिली धूप अप्रैल के दुपहरिया का अहसास कराएगी. भारतीय मौसम विभाग ने इसकी भविष्यवाणी की है. पूर्वानुमान है आज से तीन दिनों तक यूपी के कुछ जिलों में छिटपुट बादल नजर आएंगे. लेकिन ये बादल बारिश कराएंगे इसकी संभावना काफी कम है.
लखनऊ में 24 घण्टे बाद बदलेगा मौसम
वहीं, बात राजधानी लखनऊ की करें तो मंगलवार को वहां भी आसमान साफ होगा और सुबह चढ़ने के साथ धूप की किरणें तीखी होती जाएगी. हालांकि अगले 24 घण्टे बाद यहां आसमान में बादल नजर आएंगे और छिटपुट बारिश से मौसम खुशनुमा होगा और फिर अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट होगी.दशहरे पर यहां बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
नोएडा में धूप छांव का दौर
इसके अलावा दिल्ली से सटे नोएडा में भी आज मौसम सामान्य रहेगा. मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 26 रहने का अनुमान है. अगले एक दो दिनों में इसमें भी मामूली कमी देखने को मिलेगी.वहीं गाजियाबाद में भी आज छिटपुट बादलों के बीच धूप छांव का दौर जारी रहेगा.
नया पश्चिमी विक्षोभ करेगा प्रभावित
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 4 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा. उसके बाद मौसम में धीरे धीरे बदलाव देखा जाएगा.फिलहाल अगले 5 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.