‘अहिंसा धर्म है, लेकिन खतरा आने पर हिंसा जरूरी’, जानिए क्या बोले CM योगी
Last Updated:
लखनऊ में नौसेना वाटिका और म्यूजियम के उद्घाटन पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा और राष्ट्रवाद पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि इंसान का सच्चा धर्म अहिंसा है, लेकिन जब देश और समाज पर खतरा मंडरा रहा हो, तो दुश्मन को उसी की भाषा में जवाब देने के लिए हिंसा अपनानी पड़ती है. सीएम योगी ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश में खराब कानून-व्यवस्था और माफियाराज का जिक्र करते हुए कहा कि बिना सुरक्षित माहौल के विकास और निवेश मुमकिन नहीं है.
CM योगी बोले- ‘दुश्मन खतरा बने तो अहिंसा नहीं, हिंसा अपनानी पड़ती है’
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नौसेना वाटिका और नौसेना म्यूजियम का उद्घाटन करते हुए सीएम योगी ने कहा कि इंसान का सच्चा धर्म भले ही अहिंसा हो, लेकिन जब बात देश और समाज की सुरक्षा पर आ जाए, तो दुश्मन को उसी की भाषा में जवाब देना पड़ता है. उन्होंने कहा कि अगर सामने वाला देश के लिए खतरा बन रहा हो, तो अहिंसा नहीं, बल्कि हिंसा को ही अपनाना पड़ता है. सीएम योगी के इस बयान के बाद सियासी गलियारों और सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है.
सुरक्षा ही विकास की पहली सीढ़ी
सीएम योगी ने सुरक्षा और तरक्की के रिश्ते को बखूबी समझाया. उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में अपनी जान लगाने वाले सैनिकों का सम्मान करना हर नागरिक का फर्ज है. सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि जब तक किसी राज्य या देश में सुरक्षित माहौल नहीं होगा, तब तक वहां विकास और निवेश की सोच भी नहीं रखी जा सकती. सुरक्षा ही सबसे बड़ी आधारशिला है.
2017 से पहले के यूपी का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने साल 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की याद दिलाते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहले यूपी में आए दिन दंगे और कर्फ्यू जैसे हालात बने रहते थे. कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी और सरकारी सिस्टम पर पेशेवर माफियाओं और अपराधियों का कब्जा था. ऐसे डर के माहौल में आम जनता का जीना दूभर था और कोई भी उत्तर प्रदेश में बिजनेस या निवेश करने को तैयार नहीं था. लेकिन आज माहौल बदल चुका है और स्थिरता आने से रोजगार के नए मौके बन रहे हैं.
युवाओं को देशभक्ति की प्रेरणा देगा यह म्यूजियम
लखनऊ में बने इस शानदार नौसेना म्यूजियम और वाटिका के लिए सीएम योगी ने रक्षा मंत्रालय और भारतीय नौसेना का धन्यवाद किया. उन्होंने रक्षा मंत्री और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी की टीम की तारीफ की, जिन्होंने समय पर इस प्रोजेक्ट को पूरा किया. सीएम ने कहा कि यह म्यूजियम सिर्फ घूमने की जगह नहीं है, बल्कि यह हमारे युवाओं को भारतीय नौसेना के शौर्य, पराक्रम और इतिहास से रूबरू कराएगा. इसे देखकर हमारी नई पीढ़ी में देशभक्ति का जज्बा जागेगा और वे सेना में शामिल होकर देश सेवा के लिए प्रेरित होंगे.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें