ऊपर नदी नीचे सड़क, गजब है हाजरा नहर का यह दृश्य.. जो देखता है आंखों पर यकीन नहीं कर पाता
Last Updated:
Nadrai Ka Pul : यूपी के कासगंज में नदरई पुल 136 साल पुराना अद्वितीय पुल है, जो 60 फीट ऊंचाई पर स्थित है. इसके नीचे काली नदी, ऊपर नहर और सड़क है. यह पुल 1.5 किमी लंबा है और इसकी मजबूती आज भी बरकरार है.
हाइलाइट्स
- नदरई पुल 136 साल पुराना अद्वितीय पुल है.
- पुल के नीचे नदी, ऊपर नहर और सड़क है.
- यह पुल 1.5 किमी लंबा और 60 फीट ऊंचा है.
वसीम अहमद /अलीगढ़. यूपी में अनोखी चीजों और जगहों की कोई कमी नहीं है. आज हम आपको एक अनोखे पुल के बारे में बताएंगे, जो कासगंज में है. अंग्रेजों ने इस पुल को 136 साल पहले बनवाया था. यह पुल न केवल कासगंज के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इसकी अद्वितीय संरचना देख लोग हैरान रह जाते हैं और इसे चमत्कार बताते हैं. आइए जानते हैं नदरई पुल के बारे में.
जानकारी देते हुए इतिहासकार अमित तिवारी बताते हैं कि इस पुल के निर्माण का मुख्य उद्देश्य इस इलाके में नहरों के कारण होने वाली जलभराव की समस्या से निजात दिलाना था. अंग्रेजों ने इस पुल का निर्माण बहुत सोच-समझकर किया था, ताकि पानी की समस्या हल हो सके. 136 साल पहले, 1889 में बनकर तैयार हुए इस पुल से होकर लोअर गंगा कैनाल गुजरती है. इसे दुनिया के शीर्ष जलसेतुओं में गिना जाता है और यह कई अंतरराष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों के पाठ्यक्रम का भी हिस्सा है.
इतिहासकार ने कहा कि 19वीं शताब्दी में नदरई पुल विश्व भर के अखबारों की सुर्खियों में रहा था. 16 जनवरी 1892 को अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया के ‘पेसिफिक रूरल प्रेस’ अखबार के मुख्य पृष्ठ पर इस जलसेतु की खबर छपी थी.