‘चप्पल नहीं है क्या… रोज स्कूल जाओगे न?’ बहराइच में दिखा CM योगी का बिलकुल अलग अंदाज
Last Updated:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बहराइच का दौरा कर करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. बाल एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर सीएम योगी ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को दुलारा और उनसे खूब बातचीत की. मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा- ‘रोज स्कूल जाओगे न?’ मासूमों का जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया, महिलाओं को उपहार दिए और विभिन्न सरकारी योजनाओं के 10 लाभार्थियों को करोड़ों रुपये के चेक, चाबी और आयुष्मान कार्ड भी सौंपे.
बच्चे को दुलार करते सीएम योगी
बहराइच: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात लेकर बहराइच पहुंचे. इस दौरान जनसभा और सरकारी योजनाओं के वितरण के अलावा सीएम योगी का एक बेहद संवेदनशील और अलग ही अंदाज देखने को मिला, जिसकी खूब चर्चा हो रही है.
कार्यक्रम के दौरान बाल एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर कुछ नन्हे-मुन्ने बच्चे बैठे थे. मासूमों को देखते ही मुख्यमंत्री ने अपने कदम रोक लिए और बच्चों को स्टॉल से बाहर बुलवाया. सीएम ने बेहद प्यार से बच्चों से उनका नाम, स्कूल और कक्षा के बारे में पूछा. एक बच्चे ने मासूमियत से जवाब दिया- ‘आंगनवाड़ी’.
सीएम ने बच्चों के पैर देखकर पूछा- ‘चप्पल नहीं है क्या?’ बच्चों ने तपाक से कहा- ‘है.’ इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूछा कि ‘रोज स्कूल जाओगे न?’ बच्चों ने हां में सिर हिलाया. सीएम ने प्यार से उन्हें समझाया कि खूब मन लगाकर पढ़ाई करो. बच्चों के इस भोले संवाद को सुनकर मुख्यमंत्री समेत आसपास मौजूद सभी लोग खिलखिलाकर हंस पड़े. इसके बाद सीएम ने सभी बच्चों को चॉकलेट दीं और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई.
अन्नप्राशन कराया और महिलाओं को दिए उपहार
मुख्यमंत्री ने सिर्फ बच्चों से बात ही नहीं की, बल्कि कई छोटे बच्चों को टीका लगाकर उनका अन्नप्राशन भी कराया. उन्होंने बच्चों को उपहार स्वरूप खिलौने और चॉकलेट दिए, जबकि महिलाओं को फलों से भरी टोकरियां भेंट कीं. इसके बाद उन्होंने चिकित्सा विभाग, इंडियन बैंक, मिशन शक्ति, रेशम विकास, उद्यान विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल्स का भी अवलोकन किया और वहां महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की विस्तृत जानकारी ली.
योजनाओं के लाभार्थियों पर हुई धनवर्षा
कार्यक्रम के दौरान बहराइच के विकास पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई. इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक, चाबी और आयुष्मान कार्ड सौंपे. लाभ पाने वालों की सूची इस प्रकार है:
- नंदिनी पांडेय: आयुष्मान कार्ड
- अंबरीन सिद्दीकी: प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (5.4 लाख रुपये का चेक)
- पूनम सिंह: कृषि विभाग के तहत मिलेट्स स्टोर (20 लाख रुपये का चेक)
- श्रीकृष्णकांत शुक्ल: मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड
- अभिषेक सिंह: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (5 लाख रुपये का चेक)
- विनय कुमार: नंदिनी कृषक समृद्धि योजना (63 लाख रुपये का चेक)
- फूलमती: मुख्यमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र
- राघवेंद्र प्रताप सिंह: उद्यान विभाग की योजना (40 लाख रुपये का चेक)
- कृष्णानंद: सोलर आटा चक्की लगाने हेतु (10 लाख रुपये का चेक)
- रुचि श्रीवास्तव व अंकिता: यूपी राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 495 समूहों (सामुदायिक निवेश निधि) और 469 समूहों (रिवाल्विंग फंड) के लिए 8.86 करोड़ रुपये से अधिक का चेक.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें