दिल्ली-मुरादाबाद हाइवे पर 11 जुलाई से नहीं चलेंगे भारी वाहन, पुलिस भी रहेगी तैनात, जानें वजह

0
दिल्ली-मुरादाबाद हाइवे पर 11 जुलाई से नहीं चलेंगे भारी वाहन, पुलिस भी रहेगी तैनात, जानें वजह


मुरादाबाद. 11 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास के साथ ही कांवड़ यात्रा की भी शुरुआत हो जाएगी. हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पर गंगा स्नान करने और कांवड़ भरने के लिए पहुंचते हैं. कावड़ यात्रा रूटों पर भी श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने कमर कस ली है. कावड़ यात्रा रूटों पर मांस और मदिरा की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी. अमरोहा, मेरठ, बुलंदशहर और हापुड़ जिले के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने रूट डायवर्जन का खाका तैयार किया है.

इसके लिए दिल्ली-मुरादाबाद हाइवे पर भारी वाहन नहीं चलेंगे. हाइवे की एक साइड पर सिर्फ कांवड़ियों चलेंगे. इतना ही नहीं, कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए मुख्य स्थानों और चौराहों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी. शनिवार-रविवार को कांवड़ियों की भीड़ अनुसार हाइवे पर बिल्कुल भी ट्रैफिक नहीं रहेगा. यानी कांवड़ियों के लिए पूरा रोड खाली रहेगा.

दरअसल, सावन मास में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, बरेली, बदायूं, मुरादबाद, रामपुर समेत पश्चिम यूपी के कई जिलों से कांवड़िए हरिद्वार पहुंचते हैं. इसके अलावा मुरादाबाद के गंगा नगरी ब्रजघाट में भी बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचते हैं. 14 जुलाई को सावन के पहले सोमवार के लिए जल भरने के लिए कांवड़िये 11 जुलाई से ही निकल पड़ेंगे. ऐसे में रूट डायवर्जन का खाका तैयार किया गया है.

कुछ ऐसा होगा रूट डायवर्जन

11 जुलाई से मुरादाबाद जिले में ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा. मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा. मुरादाबाद कांठ, बिजनौर के स्योहारा, धामपुर, बिजनौर बैराज मीरापुर, मवाना, मेरठ, मोदीनगर गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा.

मुरादाबाद से मेरठ-दिल्ली : मुरादाबाद से मेरठ दिल्ली की ओर से जाने वाले वाहनों को टीएमयू की बगल से अगवानपुर बाईपास से मोड़ा जाएगा. फिर यहां से छजलैट, नूरपुर बिजनौर बैराज, मीरापुर, मवाना होते हुए वाहन मेरठ-दिल्ली की ओर जाएंगे.

बरेली से दिल्ली : बरेली से दिल्ली जाने वाले वाहनों को आबला से शाहबाद, बिलारी, चंदौसी के रास्ते बबराला से नरोरा होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा.

रामपुर से दिल्ली : रामपुर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को शाहबाद से डायवर्ट कर दिया जाएगा. यहां से बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरोरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा.

अमरोहा से दिल्ली : शिवाला कला, नूरपुर, बिजनौर के रास्ते मेरठ, मवाना और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा.

दिल्ली और गाजियाबाद की तरफ से मुरादाबाद : मुरादाबाद आ रहे भारी वाहनों को मसूरी, धौलाना के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा. फिर इन्हें गुलावठी होते हुए जिला बुलंदशहर के नरोरा, बबराला, भजोई, डिबाई, चंदौसी के रास्ते होकर मुरादाबाद भेजा जाएगा.

इतना ही नहीं, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली एनसीआर से आकर उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले सभी भारी वाहन छिजारसी टोल प्लाजा से निजामपुर फ्लाईओवर से सोना पेट्रोल पंप फ्लाईओवर की ओर मोड़ दिया जाएगा. फिर यहां से ततारपुर चौराहा होते हुए टियाला अंडर पास से किठौर होते हुए परीक्षितगढ़, मवाना, बहसुमा, रामराज बिजनौर होते हुए आगे भेजा जाएगा.

हापुड़ से मुरादाबाद : हापुड़ से मुरादाबाद आने वाले भारी वाहन सोना पेट्रोल पंप के सामने से गुलावटी होते हुए जिला बुलंदशहर के नरोरा की ओर से जाएंगे. फिर वहां से बबराला, भजोई, डिबाई, चंदौसी के रास्ते होते हुए मुरादाबाद की ओर जाएंगे.

रूट डायवर्जन चार चरणों में

रूट डायवर्जन चार चरणों में होगा. पहला चरण 11 जुलाई से 14 तक रहेगा. दूसरा चरण सावन के दूसरे सोमवार के मद्देनजर 18 से 23 जुलाई तक होगा. तीसरा 25 से 28 जुलाई और चौथा चरण एक से चार अगस्त तक रहेगा. हर सोमवार के लिए शुक्रवार की शाम से ही जीरो ट्रैफिक रहेगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *