फल गिरने की समस्या? खट्टी दही से मिर्च के पौधे को बनाएं फलों से लदा, जानें
Last Updated:
अगर आपके किचन गार्डन में लगी मिर्च के पौधे पर फल कम आ रहे हैं या गिर रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कृषि एक्सपर्ट के अनुसार, रासायनिक उपायों की बजाय खट्टी दही या पुरानी छाछ का इस्तेमाल सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका है. यह देसी उपाय पौधों को पोषण देता है, फल गिरने से रोकता है और मिर्च के पौधों को भरपूर फलदार बनाता है. आइए जानते है ऐसी ही कुछ जरूरी टिप्स….
किचन गार्डन में हरी मिर्च के पौधे लगाने के बाद अक्सर फल गिरने की समस्या सामने आती है. सही देखभाल के बावजूद यह परेशानी बनी रहती है, और लोग इसे दूर करने के लिए रासायनिक कीटनाशकों का सहारा लेते हैं, जो महंगे होने के साथ-साथ फलों की गुणवत्ता पर भी असर डालते हैं. इस समस्या से निजात पाने के लिए अब आप एक आसान और प्रभावी घरेलू उपाय अपना सकते हैं.

कृषि विज्ञान केंद्र नियामतपुर के कृषि एक्सपर्ट डॉ. एनपी गुप्ता के अनुसार, यदि आपके हरी मिर्च के पौधों की ग्रोथ रुकी हुई है, फल कम आ रहे हैं या गिरने लगे हैं, तो इसका सस्ता और प्रभावी समाधान खट्टी दही या पुरानी छाछ में छिपा है. यह प्राकृतिक तरीका पौधों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाता और रासायनिक तरीकों से कहीं ज्यादा सुरक्षित व किफायती है.

इस घोल को तैयार करना बेहद सरल है. 10 लीटर पानी में 500 ग्राम खट्टी दही या पुरानी छाछ मिलाएं और अच्छी तरह से घोल तैयार करें. तैयार घोल को सीधे मिर्च के पौधों पर छिड़कें, जिससे फल गिरने की समस्या कुछ ही दिनों में कम होने लगेगी.

इस प्राकृतिक घोल के छिड़काव से मिर्च के पौधों पर भरपूर फल आने लगेंगे. एक्सपर्ट के अनुसार 5–7 दिन पुरानी दही या छाछ सबसे प्रभावी रहती है. यह घोल पौधों को आवश्यक पोषण देता है, जिससे फल स्वस्थ, बड़े और गुणवत्ता में बेहतरीन बनते हैं.

इसके अलावा, पौधों की बेहतर बढ़वार के लिए ह्यूमिक एसिड और फोलिक एसिड का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. थोड़े से ह्यूमिक और फोलिक एसिड को पानी में मिलाकर पौधों पर छिड़काव करने से उनकी जड़ें मजबूत होती हैं. यह उपाय पौधों को स्वस्थ बनाए रखता है और उन्हें अधिक फल देने में सक्षम बनाता है.

यह देसी तरीका मिर्च के पौधे को स्वस्थ रखने और अधिक पैदावार पाने का शानदार उपाय है. इससे आपका बगीचा हरा-भरा और फलदार बनेगा, साथ ही हर रोज ताजी हरी मिर्च का आनंद भी मिलेगा.