मंत्रालय, सचिवालय और निदेशालय में क्या होता है अंतर, क्यों ये तीनों एकदम अलग
आपने अक्सर अखबारों में या टीवी न्यूज तीन शब्द जरूर पढ़े होंगे, ये रोज ही खबरों में होते हैं. ये तीन शब्द हैं – सचिवालय, मंत्रालय और निदेशालय. क्या आप इनके बीच का अंतर बता सकते हैं. ये तीनों शब्द आपको चक्कर में डाल सकते हैं कि ये तीनों जगह एक जैसी लगती हुई भी अलग क्यों हैं, इनके काम भी अलग हैं.
इन तीनों के बीच महीन प्रशासनिक अंतर है. और ये बात भी सही है कि ये तीनों जगहें ही असल में किसी भी देश और राज्य का प्रशासन चलाते हैं. भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था को अगर हम एक इंसान के शरीर की तरह समझें, तो मंत्रालय उसका चेहरा है, सचिवालय उसका दिमाग है और निदेशालय उसके हाथ-पैर हैं.
लोकतंत्र में जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि सरकार चलाते हैं, लेकिन नीतियों को बनाने और उन्हें जमीन पर लागू करने के लिए एक विशाल ढांचा काम करता है. ये तीनों ही यानि मंत्रालय, सचिवालय और निदेशालय उसके तीन प्रमुख स्तंभ हैं.
1. मंत्रालय क्या करता है
मंत्रालय शासन की सबसे ऊपरी इकाई है. यह एक ऐसा राजनीतिक और प्रशासनिक संगठन है जो किसी विशेष क्षेत्र जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, या गृह मामले के लिए जिम्मेदार होता है. मंत्रालय का मुखिया एक कैबिनेट मंत्री या राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होता है, जो जनता द्वारा चुना हुआ प्रतिनिधि होता है.
मंत्रालय का मुख्य काम राजनीतिक निर्णय लेना, संसद या विधानसभा के प्रति जवाबदेह होना और अपने विभाग का बजट तय करना है. मंत्रालय ही वह जगह है जहां से सरकार का राजनीतिक एजेंडा तय होता है.
2. सचिवालय का काम क्या है
मंत्रालय के ठीक नीचे और उसके भीतर ही काम करता है सचिवालय. मंत्री राजनीतिज्ञ होते हैं, प्रशासनिक विशेषज्ञ नहीं. इसलिए मंत्रियों को सलाह देने और कानूनी रूप से सही नीतियां बनाने के लिए देश के सबसे वरिष्ठ नौकरशाहों की एक टीम होती है, जिसे ‘सचिवालय’ कहा जाता है, इनके पास अपना बड़ा स्टाफ होता है.
इसका प्रशासनिक मुखिया ‘सचिव’ होता है, जो आमतौर पर एक सीनियर आईएएस अधिकारी होता है. उनके नीचे संयुक्त सचिव, उप सचिव और अन्य स्टाफ होता है.
सचिवालय का काम जमीन पर जाकर काम करना नहीं है, बल्कि कागजों पर योजनाएं बनाना है. जब सरकार कहती है कि “हमने गरीबों के लिए यह नई योजना शुरू की है”, तो उस योजना का पूरा ड्राफ्ट, उसके नियम, कानून और शर्तें इसी सचिवालय में बैठकर तय होती हैं. यह सरकार की ‘थिंक टैंक’ यानी बुद्धि है.
3. निदेशालय का काम क्या होता है
अब जब सचिवालय ने एक शानदार नीति या योजना कागजों पर बना दी, तो उसे जनता तक पहुंचाएगा कौन? यहीं पर एंट्री होती है निदेशालय की. निदेशालय को ‘कार्यकारी विभाग’ भी कहा जाता है. यह सचिवालय के अधीन काम करता है, लेकिन इसका दफ्तर और काम करने का तरीका बिल्कुल अलग होता है.
इसका मुखिया ‘निदेशक’ या ‘महानिदेशक’ होता है. ये उस क्षेत्र के तकनीकी एक्सपर्ट या प्रमोटेड अधिकारी हो सकते हैं. जैसे- स्वास्थ्य निदेशालय के मुखिया कोई वरिष्ठ डॉक्टर ही होंगे.
इनका मुख्य काम नीतियों और कामों को जमीनी स्तर पर लागू करना होता है. निदेशालय का सचिवालय की फाइलों और राजनीति से सीधा मतलब नहीं होता. इसका एकमात्र काम सचिवालय द्वारा बनाई गई नीतियों को फील्ड में लागू करना है.
तीनों किस तरह काम करते हैं
मान लीजिए देश या राज्य में स्वास्थ्य को लेकर कोई बड़ा फैसला होना है. स्वास्थ्य मंत्री घोषणा करते हैं कि “हम हर नागरिक को मुफ्त दवा देंगे.” यह मंत्रालय का स्तर है.
अब स्वास्थ्य सचिव और उनकी टीम फाइलें तैयार करेंगे कि मुफ्त दवा देने का बजट कहां से आएगा, कौन सी दवाएं शामिल होंगी. इसके लिए क्या नियम होंगे. यह सचिवालय का काम है.
स्वास्थ्य निदेशालय इस योजना को हाथ में लेगा. महानिदेशक जिलों के सरकारी अस्पतालों को आदेश जारी करेंगे, दवाएं खरीदकर अस्पतालों तक पहुंचवाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि मरीज को दवा मिल रही है या नहीं. यह निदेशालय का काम है.
मंत्रालय और मंत्रालय कार्यालय
एक छोटा सा कंफ्यूजन ‘मंत्रालय’ और ‘मंत्रालय कार्यालय’ को लेकर भी होता है. मंत्रालय एक विशाल संस्था है जिसके अंदर सचिवालय भी आ जाता है. जब हम ‘मंत्रालय कार्यालय’ या ‘मंत्री जी के दफ्तर’ की बात करते हैं, तो यह मंत्री का व्यक्तिगत स्टाफ होता है.
इसमें मंत्री के निजी सचिव, ओएसडी और जनसंपर्क अधिकारी बैठते हैं. इनका काम केवल मंत्री जी के दौरों, मुलाकातों, राजनीतिक कार्यक्रमों और उनके दैनिक शेड्यूल को संभालना होता है. इनका सरकारी नीतियों को बनाने या लागू करने से कोई सीधा प्रशासनिक संबंध नहीं होता।
तो मंत्रालय सरकार की इच्छाशक्ति है, सचिवालय उस इच्छाशक्ति को नियम-कानून की शक्ल देता है और निदेशालय उस शक्ल को हकीकत बनाकर आम जनता के सामने पेश करता है. तीनों मिलकर ही किसी भी लोकतांत्रिक सरकार को चलाते हैं.