मेरठ के इस बैट पर भरोसा करते हैं वैभव सूर्यवंशी! इंग्लैंड सीरीज के लिए बनवाए थे 2 बल्ले
Last Updated:
Meerut Cricket Bat: पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ शहर आज दुनिया भर में ‘स्पोर्ट्स सिटी’ के रूप में अपनी एक खास पहचान रखता है. देश-विदेश के बड़े से बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी मेरठ में बने क्रिकेट के बल्लों पर सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं. इसी कड़ी में बहुत ही छोटी उम्र में क्रिकेट की दुनिया में बड़ा मुकाम हासिल करने वाले उभरते हुए सितारे वैभव सूर्यवंशी को भी मेरठ के बने बल्ले से ही शॉट लगाना सबसे ज्यादा पसंद है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ की बात करें तो यह शहर स्पोर्ट्स सिटी के तौर पर पूरी दुनिया में एक विशेष पहचान रखता है. दुनिया भर के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी मेरठ में बने क्रिकेट बल्ले पर सबसे ज्यादा भरोसा करते हुए दिखाई देते हैं. इसी कड़ी में बहुत ही छोटी सी उम्र में क्रिकेट के क्षेत्र में अपना एक महत्वपूर्ण स्थान बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को भी मेरठ के बने बल्ले से ही खेलना सबसे अच्छा लगता है.

वैभव सूर्यवंशी मेरठ की मशहूर सरीन कंपनी में बने ‘एसएस’ (SS) बल्ले से खेलना काफी पसंद करते हैं. उन्होंने भारतीय टीम में अपने खास डेब्यू के लिए भी मेरठ की इसी सरीन कंपनी से दो विशेष बल्ले तैयार कराए हैं, जो पूरी तरह से इंग्लैंड के मौसम और वहां की परिस्थितियों के अनुरूप हैं. उन्होंने इसी एसएस के बैट से अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत की है, क्योंकि आईपीएल में भी देखा जाए तो खिलाड़ी लगातार एसएस के बल्ले से ही मैदान पर धमाल मचाते नजर आते हैं.

मात्र 15 साल के भारतीय क्रिकेट टीम के इस उभरते हुए सितारे वैभव सूर्यवंशी को कंपनी ने स्पॉन्सर भी किया है. यही नहीं, कंपनी द्वारा उनके नाम से ही विशेष संस्करण यानी स्पेशल एडिशन बैट बाजार में भी उतारे गए हैं. स्पोर्ट्स एक्सपर्ट रविकांत के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी के लिए जो सरीन स्पोर्ट्स कंपनी द्वारा बल्ला तैयार किया गया है, उस बैट का वजन 1180 ग्राम रखा गया है. इसके साथ ही इसके किनारों की मोटाई 38 मिलीमीटर है और बैट का नीचे वाला हिस्सा काफी मोटा रखा गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बैट का निचला हिस्सा मोटा इसलिए रखा गया है ताकि इंग्लैंड की पिचों पर वैभव अपनी शानदार कलाई के इस्तेमाल से बेहतरीन परफॉर्म कर सकें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इतिहास रच सकें. इसका एक शानदार नजारा इंग्लैंड की पिच पर देखने को भी मिला, जब वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले ही मैच में विल जैक्स और जोफ्रा आर्चर जैसे खतरनाक अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों का सामना करते हुए बेहद विस्फोटक अंदाज दिखाया.

वैभव सूर्यवंशी के लिए जो बैट तैयार किया गया है, वह इंग्लिश विलो का एक विशेष संस्करण है, जिसकी कीमत लाखों रुपये में है. वहीं दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी की बढ़ती लोकप्रियता और युवाओं में उनका जबरदस्त क्रेज देखते हुए एसएस कंपनी द्वारा उनके नाम से बाजार में खास बल्ले भी उतारे गए हैं, जिनकी आजकल काफी डिमांड देखने को मिल रही है. इसमें ‘सूर्यवंशी प्लेयर प्रो’ और ‘गामा प्लेयर’ नाम से बैट मार्केट में उपलब्ध हैं.

जब मेरठ के क्रिकेट बैट की बात की जाती है, तो यह दुनिया के सभी टॉप खिलाड़ियों की पहली पसंद बनकर सामने आता है. बदलते दौर में भले ही अब फैक्ट्रियों में आधुनिक मशीनों का उपयोग बड़े पैमाने पर किया जाने लगा हो, लेकिन आज भी मेरठ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां आधुनिक मशीनों के साथ-साथ हुनरमंद कारीगर अपने हाथ से बल्लों की फिनिशिंग करते हुए दिखाई देते हैं.

मेरठ के बल्लों की लोकप्रियता ऐसी है कि खिलाड़ी खुद यहां की प्रतिष्ठित कंपनियों में आकर अपने हिसाब से क्रिकेट बैट तैयार करवाते हैं. पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी द्वारा भी आईपीएल के लिए अपने लिए मेरठ से ही छह खास बैट तैयार कराए गए थे, जिसके माध्यम से उन्होंने आईपीएल में जमकर धमाल मचाया था. इसके साथ ही क्रिकेटर रिंकू सिंह, भुवनेश्वर कुमार और सुरेश रैना सहित विभिन्न ऐसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, जो मेरठ के बल्ले से ही आपको मैच में खेलते हुए दिखाई देंगे.

आपको बताते चलें कि मेरठ की इस स्पोर्ट्स इंडस्ट्री का एक बेहद रोचक और ऐतिहासिक इतिहास जुड़ा हुआ है. देश के बंटवारे के दौरान जब शरणार्थी अपनी जान बचाकर भारत में शरण लेने के लिए आए थे, तब उन्होंने यहां अपनी रोजी-रोटी चलाने के लिए क्रिकेट से संबंधित सामग्री बनानी शुरू की थी. उस मुश्किल दौर में मेरठ के स्थानीय व्यापारियों द्वारा उनका काफी सपोर्ट किया गया था. लेकिन उस दौर में शायद किसी स्पोर्ट्स कारोबारी ने भी यह नहीं सोचा होगा कि जिस व्यापार की वे शुरुआत कर रहे हैं, वह एक दिन विश्व में मेरठ की सबसे बड़ी पहचान बन जाएगा.