राम मंदिर में आरती दर्शन के लिए नहीं होगी मशक्कत, बस पास रखें ये कार्ड
अयोध्या: अगर आप परिवार के साथ अयोध्या आने का प्लान बना रहे हैं और यहां पर 500 वर्ष के लंबे संघर्ष के बाद बने भव्य राम मंदिर में दर्शन पूजन करना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए भी महत्वपूर्ण है. दरअसल रामलला के भक्तों के लिए बड़ी राहत की खबर है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर में आरती दर्शन के लिए तत्काल पास सेवा शुरू कर दी है. अब श्रद्धालु आधार कार्ड के जरिए आसानी से आरती दर्शन का पास बनवा सकेंगे. इस नई व्यवस्था का उद्देश्य दर्शन प्रक्रिया को अधिक सरल और व्यवस्थित बनाना है.
आधार कार्ड से मिलेगा तत्काल आरती पास
ट्रस्ट के अनुसार श्रद्धालु प्रतिदिन सुबह 9 बजे से बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित यात्री सुविधा केंद्र पर पहुंचकर आधार कार्ड के माध्यम से तत्काल आरती पास प्राप्त कर सकते हैं. यह व्यवस्था विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए लाभदायक होगी, जो कम समय में अयोध्या पहुंचते हैं और आरती में शामिल होना चाहते हैं.
मंगला और श्रृंगार आरती के पास पहले बनेंगे
आरती दर्शन के लिए अलग-अलग समय के अनुसार पास जारी किए जाएंगे. मंगला आरती (सुबह 4 बजे) और श्रृंगार आरती (सुबह 6 बजे) के लिए पास एक दिन पहले बनाए जाएंगे, जबकि शयन आरती (रात 9 बजे) के लिए उसी दिन पास उपलब्ध कराया जाएगा. प्रतिदिन रामलला की आरती के लिए 45 और राम परिवार की आरती के लिए 15 पास निर्धारित किए गए हैं.
ऑनलाइन और रेफरल श्रेणी में इतने पास
ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से पहले से ही आरती दर्शन के लिए 100 पास उपलब्ध हैं, जबकि रेफरल श्रेणी में 75 पास निर्धारित किए गए हैं. वर्तमान में जिला प्रशासन या सैनिक सदन के लिए कोई अलग कोटा निर्धारित नहीं है. विशेष अतिथियों के लिए आवश्यकता पड़ने पर संबंधित पक्ष सीधे ट्रस्ट से संपर्क कर सकता है. फिलहाल काउंटर से नई आईडी के आधार पर रेफरल पास जारी नहीं किए जा रहे हैं और केवल ट्रस्टियों की संस्तुति वाले पास ही बनाए जा रहे हैं.
2743 दैनिक दर्शन पास जारी
रामलला के नियमित दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के दैनिक पासों की भी समीक्षा शुरू कर दी गई है. ट्रस्ट के अनुसार अब तक 2,743 दैनिक दर्शन पास जारी किए जा चुके हैं. छह माह की वैधता वाले इन पासों का नवीनीकरण भी शुरू हो गया है. जिन श्रद्धालुओं के पास की अवधि समाप्त होने वाली है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका नवीनीकरण करा सकते हैं.
बढ़ सकती है तत्काल पास की संख्या
ट्रस्ट का कहना है कि फिलहाल सीमित संख्या में तत्काल पास जारी किए जा रहे हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और आवश्यकता को देखते हुए भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा. नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं को आरती दर्शन के लिए पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है.