लखनऊ में 4 साल की मासूम से स्कूल वैन चालक ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
Last Updated:
लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र में वैन ड्राइवर की दरिंदगी सामने आई है. राजाजीपुरम इलाके में 4 वर्षीय नर्सरी छात्रा के साथ आरोपी ड्राइवर गिरीश मिश्रा ने दुष्कर्म किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजाजीपुरम इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक निजी स्कूल के वैन चालक ने नर्सरी में पढ़ने वाली चार वर्षीय मासूम छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है.
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी वैन चालक की पहचान गिरीश मिश्रा के रूप में हुई है. आरोप है कि चालक पिछले कई दिनों से बच्ची के साथ घिनौनी हरकतें कर रहा था. शुक्रवार को जब बच्ची स्कूल से वैन द्वारा घर लौट रही थी, उसी दौरान चालक ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
तबीयत बिगड़ने पर हुआ खुलासा
शुक्रवार की घटना के बाद बच्ची गुमसुम थी. शनिवार को जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी, तो परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों द्वारा की गई जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मासूम घटना के बाद से गहरे सदमे में है.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. बच्ची की माँ की तहरीर पर तालकटोरा पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज कर आरोपी गिरीश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि जब आरोपी को थाने लाया गया, तो उसे देखते ही बच्ची डर के मारे रो पड़ी.
पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें