सुंदरता और सेहत दोनों का रखे ख्याल… घर का ये साधारण ड्रिंक है असली देसी टॉनिक
Last Updated:
मांड यानी चावल का पानी सिर्फ परंपरा या स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें छिपे हैं सेहत के ऐसे राज़ जो आज भी उतने ही कारगर हैं. पुराने समय में लोग इसे भोजन का हिस्सा बनाकर तंदुरुस्त रहते थे. नमक डालकर सादा खाया गया मांड जहां स्वाद में खास होता था, वहीं इसके औषधीय गुण कई बीमारियों से बचाव में मददगार साबित होते हैं. आइए जानते है इसके फायदे..

पके हुए चावल का पानी मांड के नाम से जाना जाता है. यह एक स्वादिष्ट और औषधीय गुणों से भरपूर व्यंजन है, जो पारंपरिक रूप से एक घरेलू उपचार के रूप में प्रचलित है. यह न सिर्फ शरीर को पोषण तत्व देता है, बल्कि कई रोगों में भी लाभकारी है.

राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगर बलिया की पांच साल अनुभवी (एमडी मेडिसिन) चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना उपाध्याय ने बताया कि चावल का पानी यानी मांड पाचन तंत्र को सुधारने में मदद करता है. इसके सेवन से दस्त, एसिडिटी और गैस्ट्राइटिस जैसी समस्याओं में लाभ मिलता है.

मांड का सेवन हमेशा गुनगुना ही किया जाता है. भोजन के बाद इसका सेवन शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है, क्योंकि इसमें मौजूद सरल कार्बोहाइड्रेट जल्दी पच जाते हैं. थकान या कमजोरी महसूस होने पर इसे पीने से शरीर में तुरंत फुर्ती और ताजगी आ जाती है.

पके हुए चावल का पानी त्वचा की जलन को कम करने और उसे हाइड्रेट रखने में सहायक होता है. यह धूप से झुलसी हुई त्वचा को शांत और स्वस्थ बनाता है. इसे हमेशा ठंडा करके ही त्वचा पर लगाना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की जलन न हो.

पानी कम पीने से शरीर में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, लेकिन मांड का सेवन करने से इनकी कमी को पूरा किया जा सकता है. यह एक प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट और एनर्जी ड्रिंक की तरह कार्य करता है, जो शरीर को ताकत और ताजगी प्रदान करता है.

पके हुए चावल का बचा पानी यानी मांड विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होता है, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में सहायक है. इसके नियमित सेवन से शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और संक्रमण से बचाव मिलता है.

ध्यान रखना जरूरी है कि मांड बनाने के लिए हमेशा साफ पानी और अच्छी तरह पके हुए चावल का ही इस्तेमाल करें. बासी या अशुद्ध मांड का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए इसे ताज़ा ही प्रयोग करें.

अगर आप किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, तो मांड का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहद ज़रूरी है, क्योंकि कुछ परिस्थितियों में यह आपके स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव भी डाल सकता है.