5000 करोड़ का धमाका! अब हर युवा बनेगा उद्यमी, कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल का ऐलान
Last Updated:
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल फर्रुखाबाद दौरे पर पहुंचे और तकनीकी शिक्षा में बड़े बदलाव की घोषणा की. उन्होंने बताया कि टाटा ग्रुप 5000 करोड़ रुपये निवेश कर आईटीआई को आधुनिक बनाएगा.
हाइलाइट्स
- फर्रुखाबाद दौरे पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री और अपना दल नेता आशीष पटेल.
- आईटीआई में सुधार के लिए टाटा ग्रुप 5000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा.
- पॉलिटेक्निक कॉलेजों में भी बदलाव को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है.
फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद जिले में पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और अपना दल के वरिष्ठ नेता आशीष पटेल ने तकनीकी शिक्षा और उपभोक्ता अधिकारों को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं. फर्रुखाबाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में बड़ा बदलाव करने जा रही है. इसके लिए सरकार ने टाटा ग्रुप के साथ हाथ मिलाया है.
युवाओं को मिलेगा रोजगार और स्किल्स का तोहफा
आशीष पटेल ने कहा कि सरकार की योजना युवाओं को सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि रोजगार पर कोर्स देकर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में ले जाने की है. उन्होंने बताया कि प्रदेश के उन जिलों में जहां अब तक राजकीय आईटीआई या पॉलिटेक्निक कॉलेज नहीं हैं, वहां नए संस्थानों की स्थापना की जा रही है. वहीं जो कॉलेज पहले से मौजूद हैं, उन्हें आधुनिक कोर्स और सुविधाओं से लैस किया जा रहा है.
उपभोक्ता संरक्षण और ऑनलाइन फ्रॉड पर भी काम
कैबिनेट मंत्री ने यह भी बताया कि ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर उपभोक्ता विभाग ने एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. अगर किसी भी उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी होती है, तो उस नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. विभाग की टीमें ओवररेटिंग और ठगी जैसी घटनाओं पर छापेमारी कर रही हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है.
राजनीतिक मुद्दों पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि जातिगत जनगणना और शिक्षा में आरक्षण उनकी पार्टी की नेता की उपलब्धियों में से हैं. उन्होंने दावा किया कि नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय और NEET जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में भी आरक्षण लागू करवाने का काम उनकी पार्टी ने किया है.
बदलाव ही असली मकसद
बातचीत के अंत में आशीष पटेल ने कहा, “बदलाव ही जीवन का उद्देश्य है. जब तक पुरानी व्यवस्थाएं बदलेंगी नहीं, तब तक नया रास्ता नहीं खुलेगा. हम परिवर्तन की प्रक्रिया में हैं और इसे पूरा करके रहेंगे.”