मिर्जापुर में गंगा का कहर शुरू, क्या फिर दोहराएगा 1978 जैसा मंजर?

0
मिर्जापुर में गंगा का कहर शुरू, क्या फिर दोहराएगा 1978 जैसा मंजर?


मिर्जापुर: पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश का असर अब गंगा नदी में दिखने लगा है. मिर्जापुर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और बीते 24 घंटे में ही 1.16 मीटर की वृद्धि दर्ज की गई है. इस बढ़ते पानी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. घाटों की सीढ़ियां डूबने लगी हैं और प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है. फिलहाल गंगा का जलस्तर 67.380 मीटर है, जबकि चेतावनी बिंदु 76.274 मीटर और खतरे का निशान 77.274 मीटर है. यानी फिलहाल गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 10 मीटर नीचे है, लेकिन जिस रफ्तार से पानी बढ़ रहा है, उसे देखकर हर कोई सतर्क हो गया है.

घाटों पर पहुंचा गंगा का पानी
गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण मिर्जापुर के कई प्रमुख घाटों की सीढ़ियां जलमग्न हो चुकी हैं. फतहां घाट की पूरी सीढ़ियां डूब गई हैं. विंध्याचल पक्काघाट, बरियाघाट, नारघाट और रामेश्वरम घाट तक पानी पहुंच चुका है. पहले जहां गंगा के बीच में रेत दिखाई देती थी, अब वो पूरी तरह गायब हो चुकी है.

400 गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा
गंगा का जलस्तर बढ़ने से जिले के सदर और चुनार तहसील के सैकड़ों गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. छानबे, कोन, पहाड़ी और मझवां ब्लॉक के 200 से अधिक गांव तथा चुनार के नरायनपुर, सीखड़ और जमालपुर ब्लॉक के 184 गांव सीधे तौर पर प्रभावित हो सकते हैं. इसी के मद्देनजर सदर में 14 और चुनार में 22 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं.

राहत और बचाव की तैयारियां तेज
प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. सदर में 136 छोटी नावें और चुनार में 198 छोटी-बड़ी नावें तैनात की जाएंगी. इसके अलावा 10 गोताखोर और 8 मोटरबोट की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत दी जा सके.

राहत शिविरों में होंगे ये इंतजाम
प्रशासन की तरफ से 50 राहत शिविर बनाए जाएंगे, जिनमें खाद्यान्न, मोमबत्ती, सोलर लाइट जैसी आवश्यक चीजें उपलब्ध रहेंगी. स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जीवन रक्षक दवाएं भी मुहैया कराई जाएंगी. सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है.

दो कंट्रोल रूम भी किए गए सक्रिय
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दो कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं.
कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम- 05442-256357
सिंचाई विभाग का कंट्रोल रूम- 05442-252589

कोई भी व्यक्ति समस्या होने पर इन नंबरों पर संपर्क कर सकता है.

स्थानीय लोगों ने क्या कहा?
घाट पर आए अमित जायसवाल ने बताया कि रोजाना एक से दो फीट पानी बढ़ रहा है. पहले रेत दिखती थी, अब सिर्फ पानी है. राहुल कुमार ने कहा कि पहले गंगा का पानी दूर से दिखता था, अब घरों के नजदीक आ चुका है. लोग घाटों पर गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखने के लिए जुटने लगे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *