CM योगी के कार्यक्रम में अचानक से आ गए ड्रोन, भागे-भागे पहुंची पुलिस
Last Updated:
CM Yogi Adityanath News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर रहे थे. इसी दौरान अचानक से आसमान में दो संदिग्ध ड्रोन उड़ने लगे. आनन-फानन में पुलिस ने दोनों ड्रोन को नीचे उतारा और पूछताछ शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि एक ड्रोन सरकारी है. जबकि दूसरा ड्रोन एक शख्स उड़ा रहा था.
मेरठ में सीएम योगी के कार्यक्रम में दिखे संदिग्ध ड्रोन.
मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ में सीएम के कार्यक्रम के दौरान दो ड्रोन उड़ते हुए दिखाई दिए थे. इस मामले में एक्शन लेते हुए मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि एक बगैर अनुमति के ड्रोन को सीज किया गया है. आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है .एसएसपी ने कहा कि एक सरकारी ड्रोन था. जबकि एक ड्रोन प्राइवेट था. स्वाट टीम ने इस ड्रोन का पता लगाया, जो व्यक्ति इस ड्रोन को उड़ा रहा था उसे पकड़ लिया गया है. ड्रोन को कब्जे में लिया गया है..
शख्स से पुलिस ने की पूछताछ
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति ने बताया कि वो पुष्पवर्षा के कार्यक्रम को कवर कर रहा था. ये शख्स मेरठ के मेडिकल थानाक्षेत्र का रहने वाला है. पूछताछ में उसने नियमों से अनभिज्ञता जाहिर की है. ड्रोन को कब्जे में लेकर सारी फुटेज को भी कब्जे में लिया गया है. ड्रोन नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है. इस व्यक्ति के सोशल मीडिया प्रोफाइल्स की जांच की जा रही है.
सीएम योगी ने कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कांवड़ यात्रा में शामिल शिव भक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और कांवड़ यात्रियों की नियमित सुरक्षा, सम्मान, सुविधा आदि की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए. पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई. आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन किया. उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्तों की श्रद्धा को नमन किया और प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की नियमित सुरक्षा, सम्मान, सुविधा आदि की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए.
मेरठ के सांसद अरुण गोविल भी मौजूद रहे
मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र में दुल्हेड़ा पुलिस चौकी के निकट बनाए गए मंच से योगी आदित्यनाथ ने ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की. इस अवसर पर उनके साथ रामानंद सागर के धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सोमेंद्र तोमर समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। गोविल, मेरठ से भारतीय जनता पार्टी के सांसद भी हैं.
About the Author

Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
और पढ़ें