LIVE : यूपी में बदला मौसम, NCR में चल रही धूल भरी आंधी, कई जगहों पर बारिश शुरू
UP Rain Thunderstorm Alert Update : यूपी के मौसम को लेकर IMD ने जो अपडेट जारी की थी वो सच साबित हुई. दिल्ली एनसीआर के इलाकों समेत यूपी के कई जिलों में मौसम बदल गया है. नोएडा, ग्रेटर नोएडा, में धूल भरी आंधी चल रही है. कई जगहों पर हल्की बूंदाबादी की शुरुआत भी हो गई है. नोएडा के आसमान में धूल ही धूल देखी जा रही है. आइये जानते हैं यूपी के मौसम का ताजा हाल..
ग्रेटर नोएडा में मौसम ने बदला मिजाज, तेज आंधी के साथ छाए बादल, गर्मी से मिली राहत
ग्रेटर नोएडा मौसम : ग्रेटर नोएडा में मौसम ने मंगलवार दोपहर बाद अचानक करवट ले ली. दोपहर तक जहां तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे, वहीं शाम होते-होते तेज आंधी और बादलों की दस्तक ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया. धूलभरी आंधी शुरू होते ही आसमान में घने बादल छा गए और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली.
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटे का बड़ा अलर्ट जारी कर दिया है. इसमें कहा गया है कि उन्नाव, लखनऊ, हरदोई जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों में बादल गरजने, आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चलने, बारिश होने की संभावना है. यहां तक की इन सब जगहों पर 60 से लेकर 80 KMPH या उससे भी ज्यादा तेज तूफान आ सकता है. केवल यही नहीं और भी ऐसे कई क्षेत्र हैं, जिनके लिए मौसम विभाग की तरफ से चेतावनी जारी कर दी गई है. ऐसे में अगर आप भी यहां के रहवासी हैं तो आपको अगले कुछ घंटों के लिए अलर्ट हो जाने की जरूरत है. खासतौर पर अभी तो घर से बाहर ही ना निकलें.
वहीं, प्रयागराज, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशाम्बी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, कानपुर नगर, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कुशीनगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30-40 KMPH से तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है.
यूपी में मौसम को लेकर IMD ने 11 जून से बारिश के आसार जताए हैं. हालांकि इससे पहले 9 और 10 जून को गर्मी और तपिश में बढ़ोतरी होगी. प्रदेश के 25 जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी में सबसे ज्यादा गर्मी का असर नजर आ रहा है. 11 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. 13 जून तक तेज हवाओं और बूंदाबांदी की संभावना है. बारिश से गर्मी से राहत मिलने के संकेत नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव रहने का अनुमान जताया है. यूपी में 18 जून के बाद कभी भी मानसून पहुंच सकता है. लखनऊ में 20 जून के आसपास मानसून के पहुंचने की संभावना है.
अगले तीन घंटे में इन जिलों में आंधी तूफान
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अगले 3 घंटों में कई जिलों और आस-पास इलाकों में बिजली कड़कने के साथ मध्यम दर्जे की आंधी आ सकती है. आंधी में हवा की गति 40-60 किमी प्रति घंटा, झोंके 70 किमी प्रति घंटा तक रहने की उम्मीद है. अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, गोंडा, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली और सुल्तानपुर जिलों में अलर्ट जारी किया गया है.
कहीं छाए रहेंगे बादल, कहीं होगी झमाझम बारिश
उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख बदल सकता है और इसके लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी कि आईएमडी की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना है. साथ ही कई जिलों में वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक सूबे में एक्टिव वेदर सिस्टम के असर के कारण अलग-अलग इलाकं में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. आईएमडी ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़ा ना हों. साथ ही यह भी कहा है कि मौसम की ताजा जानकारी और चेतावनियों पर नजर बनाए रखें.
देश में मानसून कहां पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून 8 जून को महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ और हिस्सों तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग का कहना है कि आगामी सात दिनों में मानसून के कारण केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर-पूर्वी भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. आईएमडी ने बताया है कि केरल और कर्नाटक के कुछ इलाकों में 8 और 9 जून को अत्यधिक बारिश की भी संभावना जताई गई है.
आगरा, फिरोजाबाद, इटावा में बारिश को लेकर अलर्ट
आईएमडी ने यूपी में 9 जून के लिए अलग-अलग जिलों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसमें कानपुर देहात, कानपुर, जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, संतरविदासनगर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र जिला शामिल है. हालांकि 10 जून को कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरेया जिला शामिल है. इसके अलावा जाालौन, कानपुर देहात, कानपुर, हमीरपुर, ललितपुर, झांसी, महोबा, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, संतरविदास नगर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल और उत्तराखंड में कैसा मौसम?
बिहार के मौसम की बात करें तो आईएमडी के मुताबिक गया, पटना, बक्सर, गोपालगंज, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर सहित कई जिलों में 9 और 10 जून के लिए भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. साथ ही लोगों को जरूरत न होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है. इसके अलावा मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, धार, उज्जैन और नीमच सहित कई जिलों में 9 और 10 जून को भारी बारिश और तूफान की चेतावनी है. इस दौरान 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके अलावा राजस्थान के जयपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर सहित कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं जम्मू-कश्मीर. लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 14 जून तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है.