Sambhal News: मास्टरमाइंड शारिक साटा गिरफ्तारी से दूर, पुलिस ने जारी किया लुकआउट नोटिस, जानें क्या हैं साटा के गुनाह
Last Updated:
Sambhal violence:उत्तर प्रदेश के संभल में हुई भीषण हिंसा का तार दुबई में बैठे गैंगस्टर शारिक साटा से जुड़ा है. पुलिस की रिपोर्ट पर सीबीआई ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है. आरोपी पर आरोप है कि उसने विदेश से ही अपने गुर्गों को हिंसा भड़काने का निर्देश दिया. पुलिस पहले ही उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. 54 मुकदमों में वांछित साटा 2020 में फर्जी पासपोर्ट पर दुबई भाग गया था.
पुलिस का शिकंजा, विदेश में छिपा आरोपी
एएसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि शारिक साटा इस समय विदेश में छिपा है और वहीं से अपने नेटवर्क को संचालित कर रहा है. इसी वजह से उसकी गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि इंटरपोल और अन्य एजेंसियों की मदद से उसे दबोचा जा सके. पुलिस के अनुसार, शारिक साटा के खिलाफ सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि दिल्ली और हरियाणा में भी कई मुकदमे दर्ज हैं. पूरे देश में उस पर अब तक 54 केस दर्ज हो चुके हैं. इनमें हत्या, लूट, रंगदारी और हिंसा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं.
फर्जी पासपोर्ट पर दुबई भागा
पुलिस की जांच में सामने आया है कि शारिक साटा ने 2020 में हुसैन के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। यह पासपोर्ट दिल्ली के पते पर तैयार कराया गया था. इसी पासपोर्ट की मदद से वह दुबई भाग निकला और तब से वहीं से अपने गैंग को सक्रिय रखे हुए है. संभल पुलिस लगातार शारिक साटा और उसके नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही आरोपी इंटरपोल की मदद से पकड़ा जाएगा, उसे भारत लाकर न्यायालय के सामने पेश किया जाएगा. सरकार ने भी साफ कर दिया है कि शारिक साटा जैसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.