UP News Update in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ…
उन्नाव: एसपी दीपक भूकर ने किया पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल
उन्नाव में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है. एसपी दीपक भूकर ने जिले के पांच क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है. सीओ ऋषिकांत शुक्ला को पुरवा सर्किल, अजय कुमार सिंह को सफीपुर सर्किल का चार्ज दिया गया है. मधुपनाथ मिश्रा को बीघापुर, अरविंद चौरसिया को हसनगंज और संतोष कुमार सिंह को बांगरमऊ सर्किल का चार्ज सौंपा गया है. फेरबदल को लेकर पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है. एसपी ने यह कदम प्रशासनिक सुचारुता और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए उठाया है.
प्रतापगढ़: ब्लॉक प्रमुख पर फायरिंग और मारपीट का आरोप
प्रतापगढ़ के पट्टी कोतवाली क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख सुशील सिंह पर जमीन के बैनामे को लेकर मारपीट और फायरिंग का गंभीर आरोप है. घटना में दो लोगों को गोली लगी थी. मामला रजिस्ट्री ऑफिस परिसर का है. इस मामले में हत्या के प्रयास समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है. आईजी प्रयागराज जोन अजय मिश्रा ने पट्टी पहुंचकर मामले की जांच की और अफसरों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. एसपी ने ब्लॉक प्रमुख समेत छह आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है. गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं.
जालौन: पेड़ से लटकता मिला महिला का शव, हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी
जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र के खेरा जमालपुर गांव में एक महिला का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला. महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे अनहोनी की आशंका जताई जा रही है. घटनास्थल से शराब की बोतल और नमकीन के पैकेट भी बरामद हुए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है. पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. फिलहाल मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा हुआ है, पुलिस सभी एंगल से पड़ताल कर रही है.
पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट
उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र के पारा गांव में मंगलवार को एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया. विस्फोट उस समय हुआ जब मजदूर फैक्ट्री में पटाखे बना रहा था. धमाका इतना तेज़ था कि पास के इलाके में हड़कंप मच गया. घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही सीओ अजय सिंह और SHO कुंवर बहादुर मौके पर पहुंचे. फैक्ट्री गांव के बाहर खेतों में बनाई गई थी. पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री की वैधता भी खंगाली जा रही है.
बहराइच: शॉर्ट सर्किट से बेकरी दुकान में लगी आग, भारी नुकसान
बहराइच नगर कोतवाली क्षेत्र की ग्रीस सुपर शॉपी नामक बेकरी दुकान में मंगलवार को अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान और गोदाम में रखा बेकरी का सारा सामान जलकर खाक हो गया. धुएं और लपटों को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक लाखों रुपये का सामान जल चुका था. गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.
लखनऊ: इंदिरा नगर में नारियल विक्रेता की हत्या का खुलासा, 10 साल पुरानी रंजिश निकली वजह
इंदिरा नगर में नारियल पानी विक्रेता मनोज की हत्या के मामले में पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज और पुरानी तस्वीरों के आधार पर पहचान हुई. मुख्य आरोपी सोनू कश्यप ने 10 साल पहले मां से हुई मारपीट का बदला लेने के लिए दोस्तों सलामू, रंजीत, सन्नी और रहमत के साथ मिलकर मनोज की 22 मई की रात लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या की. पार्टी का लालच देकर साजिश में साथियों को शामिल किया गया था. रॉड भी बरामद कर ली गई है.
बाराबंकी: हाईवे पर चलती बाइक पर स्टंट, युवक का वीडियो वायरल
बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र के आलापुर के पास हाईवे पर एक युवक का खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हो गया है. वीडियो में युवक चलती मोटरसाइकिल पर खड़ा होकर दोनों हाथ छोड़कर स्टंट करता नजर आ रहा है. हाईवे पर तेज रफ्तार में यह खतरनाक करतब न सिर्फ उसकी जान को खतरे में डाल रहा था, बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
बस्ती: मिट्टी खुदाई से खेत में बने गड्ढे में डूबे तीन मासूम, खेलते-खेलते गई जान
बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के लोहरौली गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया. मिट्टी खुदाई से खेत में बने गहरे गड्ढे में डूबने से तीन नाबालिग बच्चों की मौत हो गई. तीनों बच्चे सोमवार शाम साइकल से एक साथ घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिजनों की तलाश के बाद मंगलवार सुबह गड्ढे में बच्चों के शव मिले. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. एसपी और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. गांव में मातम पसरा है.
बिजली संकट, निजीकरण और यूरिया की किल्लत के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को बताया कि मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. यह प्रदर्शन प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती, निजीकरण की नीतियों और किसानों को हो रही यूरिया खाद की भारी किल्लत के खिलाफ किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अब चुप्पी सहन नहीं करेंगे. पार्टी कार्यकर्ता सभी जिला, तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे. इसके साथ ही कांग्रेस ने आगामी पंचायत चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है. पार्टी इसे 2027 के विधानसभा चुनाव का आगाज़ मान रही है. संगठन सृजन को लेकर कांग्रेस ने एड़ी-चोटी का जोर लगाना शुरू कर दिया है. कार्यकर्ताओं को एकजुटता और सक्रियता का पाठ पढ़ाया जा रहा है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति अपनाई जा रही है.
झांसी में GST इंस्पेक्टर बताकर शादी की, निकला टीचर
झांसी में सरकारी टीचर ने खुद को जीएसटी इंस्पेक्टर बताकर इंजीनियर से शादी कर ली. दोनों की मैरिज एप पर मुलाकात हुई थी. शादी की बात आगे बढ़ी तो टीचर ने जीएसटी इंस्पेक्टर होने के फर्जी सबूत दे दिए. धूमधाम से शादी हुई. कुछ महीने बाद पता चला कि पति जीएसटी इंस्पेक्टर नहीं, बल्कि सरकारी टीचर है. आरोप है कि शादी के बाद दहेज के लिए मारपीट कर प्रताड़ित किया गया. इंजीनियर पत्नी ने 18 जुलाई को सीपरी थाने में पति समेत अन्य ससुरालजनों पर धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़ित समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया है. पुलिस पति को तलाश रही है.