UP में बकरीद पर हाई अलर्ट: सड़कों पर नमाज और खुले में कुर्बानी पर रोक

0
UP में बकरीद पर हाई अलर्ट: सड़कों पर नमाज और खुले में कुर्बानी पर रोक


Last Updated:

Bakrid 2026: उत्तर प्रदेश में बकरीद को लेकर पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है. लखनऊ, प्रयागराज, मथुरा और गाजीपुर समेत कई जिलों में डीएम और एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सड़कों पर नमाज पढ़ने, खुले में कुर्बानी देने और सोशल मीडिया पर वीडियो डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन व सीसीटीवी से पैनी नजर रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे.

Zoom

यूपी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस ने संभाली कमान

Bakrid 2026: उत्तर प्रदेश में बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार को देखते हुए योगी सरकार और पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. प्रदेश के सभी संवेदनशील जिलों में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए आला अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है. पुलिस और जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

राजधानी लखनऊ से लेकर कान्हा की नगरी तक कड़ा पहरा
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एसीपी विकास जायसवाल और थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया. पुलिस टीम ने हजरतगंज चौराहे समेत कई मुख्य रास्तों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. दूसरी तरफ, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद के आसपास सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए हैं. यहां डीआईजी शैलेश पांडेय, एसएसपी श्लोक कुमार और डीएम सीपी सिंह ने पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड के साथ शहर के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों जैसे डीग गेट, दरेसी रोड और भरतपुर गेट में फुट मार्च कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया.

प्रयागराज में 400 से ज्यादा मस्जिदों पर सुरक्षा, वीडियो बनाने पर रोक
प्रयागराज के खुल्दाबाद और करेली जैसे संवेदनशील इलाकों में डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य की अगुवाई में फ्लैग मार्च निकाला गया. डीसीपी ने बताया कि अकेले सिटी जोन में 400 से अधिक ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज पढ़ी जाएगी. उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि सड़कों पर नमाज पढ़ने की इजाजत बिल्कुल नहीं होगी. इसके अलावा, प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी और कुर्बानी का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी.

गाजीपुर, सीतापुर, बलिया और बुलंदशहर में भी रूट मार्च
गाजीपुर में डीएम अनुपम शुक्ला और एसपी ईरज राजा ने ईदगाहों की सुरक्षा व्यवस्था परखी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खुले में कुर्बानी देने और सार्वजनिक जगहों पर पशुओं के अवशेष फेंकने की मनाही है. सीतापुर में भी डीएम डॉ. राजा गणपति आर और एसपी अंकुर अग्रवाल ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों में मार्च कर लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया. मस्जिदों के आसपास सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है.

बलिया और बुलंदशहर में भी अफसर सड़कों पर उतरे. बलिया में डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह ने विशुनीपुर मस्जिद के पास पैदल मार्च किया. वहीं, बुलंदशहर के खुर्जा में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी देहात और सीओ ने मुख्य बाजारों और संवेदनशील रास्तों पर गश्त की. सभी अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे मस्जिदों के अंदर ही नमाज अदा करें, खुले में कुर्बानी न दें और त्योहार को भाईचारे के साथ मनाएं.

About the Author

authorimg

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *