फिरोजाबाद: टूंडला बस स्टैंड की 40 साल पुरानी आलू टिक्की, ₹50 में स्वाद का जादू
Last Updated:
Firozabad Famous Aloo Tikki: फिरोजाबाद के टूंडला बस स्टैंड पर पिछले 40 सालों से मिल रही राजेश कुमार की मशहूर आलू टिक्की के स्वाद के लोग दीवाने हैं. घर के पिसे शुद्ध मसालों, हरी और मीठी चटनी से तैयार इस लजीज चाट को खाने के लिए यूपी, एमपी, दिल्ली और नोएडा से लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है. मात्र ₹50 की इस प्रसिद्ध आलू चाट का स्वाद चखने के लिए रोजाना यहां सैकड़ों गाड़ियां रुकती हैं.
Firozabad Famous Aloo Tikki: फास्ट फूड खाने का शौक तो हर किसी को होता है, लेकिन सबसे बेहतरीन और लाजवाब स्वाद हर जगह नसीब नहीं होता. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक ऐसी ही मशहूर दुकान है, जहां बेहद शुद्धता के साथ आलू की चाट तैयार की जाती है. इस चटपटी चाट का स्वाद चखने के लिए यहां सुबह से लेकर शाम तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है. एक बार इसकी लज्जत जिसकी जुबान पर चढ़ जाए, वह दोबारा यहां खिंचा चला आता है. सबसे खास बात यह है कि इस बेहतरीन आलू चाट की कीमत भी आम आदमी के बजट में है.
40 सालों का भरोसा, घर के पिसे शुद्ध मसाले
फिरोजाबाद के टूंडला बस स्टैंड पर आलू टिक्की बेचने वाले दुकानदार राजेश कुमार ने ‘लोकल 18’ से खास बातचीत करते हुए बताया कि उनके यहां पिछले 40 सालों से आलू की टिक्की बनाकर बेची जा रही है. इस आलू टिक्की को पूरी तरह से शुद्ध और घर के पिसे हुए मसालों से तैयार किया जाता है. टिक्की बनाने की प्रक्रिया के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि सबसे पहले आलू को उबालकर शुद्ध तेल में अच्छी तरह तला जाता है.
हरी और मीठी चटनी का डबल ब्लास्ट
इसके बाद इस चाट को खास बनाने के लिए उबले हुए मटर के साथ बारीक कटा अदरक, हरा धनिया आदि मिलाया जाता है. चाट के स्वाद को और ज्यादा टेस्टी व लजीज बनाने के लिए इसमें विशेष रूप से तैयार हरी चटनी और मीठी चटनी मिलाई जाती है, जिससे इसका जायका दोगुना हो जाता है. दुकानदार राजेश कुमार का कहना है कि इस आलू चाट को खाने के लिए लोग दूर-दूर के शहरों से यहां पहुंचते हैं.
यूपी-एमपी से लेकर दिल्ली-नोएडा तक दीवानगी, कीमत मात्र ₹50
दुकान पर आलू टिक्की का लुत्फ उठाने आए ग्राहक जुनैद आलम ने बताया कि वह विशेष रूप से फर्रुखाबाद से इस दुकान पर टिक्की खाने आए हैं. उन्होंने बताया कि यहां की टिक्की उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और नोएडा समेत कई प्रमुख शहरों और राज्यों में काफी प्रसिद्ध है. इसका लाजवाब स्वाद ही लोगों को बार-बार यहां खींच लाता है.
इसे बेहद हाइजीनिक और शुद्ध तरीके से तैयार किया जाता है. इस टिक्की की कीमत मात्र 50 रुपये है और लोग इसे दूर-दूर तक पैक कराकर भी ले जाते हैं. सुबह से लेकर शाम तक इस दुकान पर आलू टिक्की खाने वालों की कतार लगी रहती है और रोजाना सैकड़ों गाड़ियां यहां सिर्फ टिक्की का स्वाद लेने के लिए रुकती हैं.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें