₹80 का क्वार्टर, 2000 की वसूली! पुलिस से थर्राया, शटर गिराकर लगा दिया पोस्टर
Last Updated:
एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र में एक देसी शराब के ठेकेदार ने पुलिसिया आतंक और अवैध वसूली से तंग आकर अपनी दुकान ही बंद कर दी. विरोध जताने के लिए उसने शटर पर ‘पुलिस उत्पीड़न’ का पोस्टर भी चस्पा कर दिया. पीड़ित दुकानदार भूप सिंह का गंभीर आरोप है कि पुलिस 80 रुपये का क्वार्टर खरीदने वाले गरीब ग्राहकों को पकड़कर 2000 रुपये तक की अवैध वसूली कर रही है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
पुलिस की आतंक से घबरा कर शराब व्यापारी ने दुकान के शटर गिराए, ग्राहकों से 2-2 हजार अवैध वसूली के लगाए आरोप
एटा: उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन एटा (Etah) जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने खाकी वर्दी पर ‘अवैध वसूली’ का गंभीर दाग लगा दिया है. पुलिस के आतंक और खौफ का आलम यह हो गया है कि एक दुकानदार को अपनी चलती हुई दुकान पर ताला जड़ना पड़ गया. इतना ही नहीं, पुलिस की ज्यादती से आजिज आकर इस दुकानदार ने अपनी दुकान के शटर पर एक ऐसा पोस्टर चिपका दिया, जिसने पूरे पुलिस और प्रशासनिक महकमे की नींद उड़ा दी है.
80 रुपये की शराब पीने वाले से 2000 की वसूली
यह पूरा सनसनीखेज मामला एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र का है. कस्बा जैथरा स्थित देसी शराब की दुकान नंबर-1 के ठेकेदार और दुकान स्वामी भूप सिंह ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस की कथित अवैध वसूली और उत्पीड़न से परेशान होकर भूप सिंह ने अपनी दुकान का शटर गिरा दिया और बाहर एक बड़ा सा पोस्टर चस्पा कर दिया, जिस पर साफ शब्दों में लिखा था – ‘पुलिस उत्पीड़न के कारण दुकान बंद है.’
दुकान स्वामी भूप सिंह का दर्द और गुस्सा पुलिस की उस कार्यशैली पर है, जिसने उनका व्यापार चौपट कर दिया. भूप सिंह का आरोप है कि पिछले 4 से 5 दिनों से जैथरा पुलिस के कुछ पुलिसकर्मियों ने दुकान के आसपास अपना अघोषित ‘चेकिंग अभियान’ चला रखा है. जैसे ही कोई गरीब मजदूर या आम आदमी दुकान से देसी शराब खरीदने आता है, पुलिसकर्मी उसे तुरंत मौके से ही दबोच लेते हैं.
भूप सिंह ने बताया, ‘पुलिस 80 रुपये का देसी शराब का क्वार्टर पीने वाले गरीब लोगों को भी नहीं बख्श रही है. पुलिसकर्मी ग्राहकों को पकड़ते हैं और फिर डरा-धमका कर 1000 से 2000 रुपये ऐंठने के बाद ही उन्हें छोड़ते हैं. जब एक गरीब मजदूर से हजार-दो हजार रुपये वसूले जाएंगे, तो वह शराब लेने कहां से आएगा? इसी पुलिसिया आतंक के चलते मुझे अपनी दुकान बंद करने को मजबूर होना पड़ा.’
दुकान खुलवा दिय, अब जांच के आदेश
दुकान पर पोस्टर लगने और वीडियो वायरल होने के बाद जिले के अधिकारियों में हड़कंप मच गया. मामले के तूल पकड़ने पर आबकारी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने तुरंत एक्शन लिया. उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही इसकी जानकारी उच्च पुलिस प्रशासन को दे दी गई है और ठेकेदार को निर्देशित कर 10 मिनट के भीतर ही दुकान को वापस खुलवा दिया गया है.
सफाई – ‘अगर दुकान से पकड़ा है तो होगी कार्रवाई’
अलीगंज क्षेत्राधिकारी (CO) राजेश कुमार ने पुलिस का पक्ष रखा है. उन्होंने बताया कि इलाके में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ ‘कार बार ऑपरेशन’ के तहत कार्रवाई की जा रही थी. जिन लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते हुए पाया गया, पुलिस ने सिर्फ उन्हें ही पकड़ा था. हालांकि, सीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि, ‘अगर किसी पुलिसकर्मी ने नियमों को ताक पर रखकर ग्राहक को सीधे शराब की दुकान से ही पकड़ा है और वसूली की है, तो इस मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.’
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें