UP News Live: आगरा पुलिस में डिजिटल क्रांति, CEMS के जरिए लगेगी अब ड्यूटी, प्रयागराज में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

0
UP News Live: आगरा पुलिस में डिजिटल क्रांति, CEMS के जरिए लगेगी अब ड्यूटी, प्रयागराज में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार


UP News: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की खबरों को पढ़ने के लिए न्यूज18 के साथ बने रहें. यहां आपको हर तरह की खबरें मिलेंगी. राज्य में होने वाली बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें भी मिलेंगी.

बदायूं: दारोगा की मां का हत्यारोपी जिला अस्पताल से फरार, पुलिस को चकमा देकर भागा हिस्ट्रीशीटर

बदायूं जिले में बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां दारोगा की मां की हत्या का आरोपी हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र जिला अस्पताल से फरार हो गया. हथकड़ी खोलकर पुलिस को चकमा देकर भागे धीरेंद्र पर 12 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. इस्लामनगर थाना पुलिस ने दो दिन पहले मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया था. तमंचा, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद हुआ था. घायल होने पर उसे CHC से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 12 अगस्त को हापुड़ में तैनात दरोगा की मां की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी. आरोपी की तलाश जारी है.

गाज़ियाबाद: मोदीनगर में दो भाइयों पर जानलेवा हमला

थाना मोदीनगर क्षेत्र के निवाड़ी रोड पर दबंगों ने दो भाइयों पर बेरहमी से हमला कर दिया. मारपीट इतनी गंभीर थी कि दोनों भाई मौके पर ही बेहोश हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावरों की बर्बरता साफ नजर आ रही है. बताया जा रहा है कि पीड़ितों का वंश नामक युवक से पुराना विवाद था. पुलिस ने वंश, अर्जुन चौधरी, श्याम धामा, निक्की गुर्जर, जतिन और प्रीत सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.

प्रयागराज में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के गंगानगर जोन में मऊआइमा थाना क्षेत्र में 25 हजार के इनामी बदमाश शिवम पासी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई. चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने टीम पर फायर कर दिया. जवाबी कार्रवाई में शिवम पासी के पैर में गोली लगी. घायल बदमाश को पुलिस हिरासत में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस ने पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है. शिवम पासी सर्राफा व्यापारी से लूट में वांछित था, उस पर दो मुकदमे दर्ज हैं.

संभल SP कृष्ण कुमार विश्नोई को मिला उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक
संभल के SP कृष्ण कुमार विश्नोई को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान उन्हें सौ करोड़ से अधिक के फर्जी बीमा घोटाले का खुलासा करने पर मिला है. SP की टीम ने अब तक 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 27 ट्रैक्टर बरामद किए हैं. इस गैंग का नेटवर्क दस से अधिक राज्यों में फैला हुआ है. घोटाले की जांच अभी भी जारी है. विश्नोई की इस कार्यशैली की सराहना पूरे पुलिस महकमे में की जा रही है.

आगरा पुलिस में डिजिटल क्रांति, CEMS के जरिए लगेगी अब ड्यूटी
आगरा में पुलिस कमिश्नरेट ने कमिश्नरेट एम्प्लॉय मैनेजमेंट सिस्टम (CEMS) तैयार किया है. इस डिजिटल पोर्टल के जरिए अब पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी. CEMS पर पुलिसकर्मियों का पूरा डेटा फीड किया जा रहा है, जिसमें उनके मुख्य कार्य और तैनात क्षेत्र भी दर्ज किए गए हैं. भविष्य में सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर की पोस्टिंग भी इसी डेटा को ध्यान में रखकर की जाएगी. पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने निर्देश दिए हैं कि जिनका डेटा CEMS में दर्ज नहीं होगा, उन्हें कोई चार्ज नहीं दिया जाएगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *